
सावन महोत्सव में शिवमय हुआ बचपन प्ले स्कूल…नन्हे-मुन्नों ने निकाली भव्य शिव आराधना रैली
सावन महोत्सव में शिवमय हुआ बचपन प्ले स्कूल…नन्हे-मुन्नों ने निकाली भव्य शिव आराधना रैली
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/बचपन प्ले स्कूल, खगड़िया में बुधवार को सावन महोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हुए आकर्षक शिव आराधना रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।सावन महोत्सव के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया गया। बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रैली के बाद बच्चों ने शिवलिंग पर पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से अच्छे संस्कार, सद्बुद्धि, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद मांगा।
कार्यक्रम में स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पा जी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को गोद में बिठाकर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर पुष्प अर्पित किया तथा सभी बच्चों के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य एवं निरंतर उन्नति की कामना की। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कारों के साथ जिम्मेदार और बेहतर इंसान बनने का संदेश दिया।
वहीं स्कूल के डायरेक्टर प्रद्युम्न कुमार भी रैली में बच्चों के साथ शामिल रहे और उनका उत्साह बढ़ाते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाए। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन एवं रैली को व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सभी बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना में भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भारतीय पर्व-त्योहार केवल उत्सव मनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में संस्कार, अनुशासन, सेवा, सद्भाव, श्रद्धा और अच्छे आचरण जैसे जीवन-मूल्यों का विकास किया जा सकता है।
विद्यालय परिसर में आयोजित सावन महोत्सव बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए उत्साह का केंद्र बना रहा। नन्हे बच्चों की भक्तिमय रैली और भोलेनाथ के जयकारों ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बचपन प्ले स्कूल में पढ़ाई के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चे अपनी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ सकें।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




