
खगड़िया: डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से बिहार दिव्यांग क्रिकेट टीम के गठन की तैयारी… 29 नवंबर को हाजीपुर में होगा ओपन सिलेक्शन ट्रायल… राज्यभर के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
खगड़िया: डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से बिहार दिव्यांग क्रिकेट टीम के गठन की तैयारी…
29 नवंबर को हाजीपुर में होगा ओपन सिलेक्शन ट्रायल…
राज्यभर के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका : दीपक कुमार
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ बिहार में दिव्यांग क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करने और राज्य की मजबूत टीम गठित करने की दिशा में डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से आगामी क्रिकेट सत्र के लिए बिहार दिव्यांग क्रिकेट टीम का ओपन सिलेक्शन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। यह चयन प्रक्रिया आगामी 29 नवंबर, रविवार को हाजीपुर (वैशाली) स्थित डिफेंस क्रिकेट अकादमी के मैदान में संपन्न होगी। पहले इस ट्रायल का आयोजन खगड़िया में प्रस्तावित था, लेकिन स्थानीय स्तर पर क्रिकेट मैदान उपलब्ध नहीं होने के कारण चयन स्थल में बदलाव किया गया है।
एसोसिएशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस ओपन ट्रायल में बिहार के सभी जिलों के पात्र दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों के पास न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणपत्र के साथ यूडीआईडी कार्ड होना अनिवार्य है। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा, प्रदर्शन एवं क्षमता के आधार पर आगामी क्रिकेट सत्र के लिए बिहार दिव्यांग क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राज्य की ओर से क्रिकेट प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस संबंध में डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के मध्य बिहार संयोजक एवं बिहार क्रिकेट संघ के अंपायर दीपक कुमार ने राज्य के सभी पात्र दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में चयन ट्रायल में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में भी अपार खेल प्रतिभा और क्षमता मौजूद है। जरूरत है तो बस उन्हें उचित मंच, अवसर और प्रोत्साहन देने की।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान दिलाना, उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना तथा राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की पहचान को और मजबूत करना है। एसोसिएशन लगातार प्रयासरत है कि राज्य के प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर मिल सके।
एसोसिएशन की ओर से ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना क्रिकेट किट, खेल ड्रेस एवं क्रिकेट जूते साथ लेकर आने की अपील की गई है। इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ी निर्धारित तिथि को डिफेंस क्रिकेट अकादमी, हाजीपुर, वैशाली पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। विदित हो कि विशेष जानकारी के लिए संपर्क सूत्र: 8893215231, 76777488944 एवं 7061182148 . जारी किया गया है।
डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने बिहार के सभी जिलों के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों से इस ओपन ट्रायल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी खेल प्रतिभा के दम पर बिहार टीम में स्थान बनाने का आह्वान किया है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




