
खगड़िया: विकास कार्यों में बाधा से आहत नगर सभापति अर्चना कुमारी ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार… प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग…साढ़े तीन वर्षों की मेहनत से खगड़िया नगर को संवारने का किया दावा…
खगड़िया: विकास कार्यों में बाधा से आहत नगर सभापति अर्चना कुमारी ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार…
प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग…
साढ़े तीन वर्षों की मेहनत से खगड़िया नगर को संवारने का किया दावा…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ नगर परिषद खगड़िया की नगर सभापति अर्चना कुमारी ने नगर के विकास कार्यों एवं आम जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में कथित तौर पर आ रही बाधाओं को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने वर्तमान कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल पर नगर परिषद के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले में ठोस कार्रवाई करने तथा विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित कराने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में नगर सभापति ने अपनी साढ़े तीन वर्षों की कार्ययात्रा और वर्तमान परिस्थितियों से उत्पन्न पीड़ा का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि जिस विश्वास और उम्मीद के साथ खगड़िया नगर की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना, उसी विश्वास को अपनी जिम्मेदारी मानकर उन्होंने दिन-रात मेहनत करते हुए नगर को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। उनका उद्देश्य पद और प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि शहर की तस्वीर बदलना, नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और जनता की समस्याओं का समाधान करना रहा है।
साढ़े तीन वर्षों की मेहनत पर बाधाओं से जताई नाराजगी
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों में नगर की सड़क, नाला, साफ-सफाई, जलजमाव, रोशनी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। नगर के विकास को लेकर उन्होंने हर स्तर पर पहल की है। जनता की उम्मीदें और उनका विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। लेकिन वर्तमान में प्रशासनिक स्तर पर उत्पन्न परिस्थितियों के कारण विकास एवं जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उन्हें काफी पीड़ा हो रही है।
विधायक बबलू मंडल और सांसद राजेश वर्मा के सहयोग का किया उल्लेख
नगर सभापति ने अपने पत्र में खगड़िया के सदर विधायक बबलू कुमार मंडल एवं सांसद राजेश वर्मा के सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में दोनों जनप्रतिनिधियों का लगातार सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। इसके बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल द्वारा कथित तौर पर किसी के इशारे पर नगर परिषद के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिल रहा है, तब भी प्रशासनिक स्तर पर कार्यों के प्रभावित होने से आखिर नुकसान किसका हो रहा है? इसका सीधा असर नगर की जनता पर पड़ रहा है।
कार्यपालक पदाधिकारी पर जनहित के कार्य बाधित करने का आरोप
अर्चना कुमारी ने कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल पर आरोप लगाया है कि उनके स्तर से नगर परिषद के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। इसके कारण आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपनी समस्याओं को लेकर नगर परिषद पहुंचती है और उनसे समाधान की उम्मीद करती है। ऐसे में यदि प्रशासनिक स्तर पर ही कार्यों में बाधा उत्पन्न होगी, तो निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही प्रभावित होगी और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक कर चुकी हैं पत्राचार
नगर सभापति ने बताया कि नगर परिषद की समस्याओं एवं कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर वह लगातार संबंधित उच्चाधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखती रही हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री, नगर विकास एवं आवास मंत्री, विभाग के प्रधान सचिव तथा महामहिम राज्यपाल तक आवेदन एवं पत्राचार कर चुकी हैं। इसके बावजूद समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं होने से अब उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
अनुसूचित जाति वर्ग की महिला जनप्रतिनिधि होने के नाते उपेक्षा का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में अर्चना कुमारी ने अपनी सामाजिक पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाली महिला जनप्रतिनिधि हैं। उन्हें महसूस हो रहा है कि उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि और स्थिति को कमजोर समझकर प्रशासनिक स्तर पर उनकी भूमिका, अधिकारों एवं आवाज को अपेक्षित गंभीरता नहीं दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह किसी दबाव, अपमान अथवा अन्याय के सामने झुकने वाली नहीं हैं। अपने अधिकारों और नगर की जनता के हितों की रक्षा के लिए आवश्यकता पड़ने पर सर्वोच्च न्यायालय तक कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
जनता के विश्वास को टूटने नहीं देना चाहतीं अर्चना कुमारी
नगर सभापति ने कहा कि राजनीति में आने के पीछे उनका एकमात्र उद्देश्य जनता की सेवा और नगर का विकास करना रहा है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में उन्होंने पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास किया है। वह आज भी खगड़िया नगर को विकसित और सुविधासंपन्न बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री से उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा है कि नगर परिषद खगड़िया की स्थिति को केवल प्रशासनिक विवाद के रूप में नहीं, बल्कि हजारों नगरवासियों के हितों और शहर के विकास से जुड़े गंभीर विषय के रूप में देखा जाए।
उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की उचित समीक्षा कर विकास एवं जनहित के कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए तथा ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे नगर परिषद के कार्य निर्वाध रूप से संचालित हो सकें। नगर सभापति का कहना है कि नगर की जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह इस विश्वास को टूटने नहीं देंगी।
नोट: इस समाचार में उल्लेखित आरोप एवं तथ्य नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र एवं उनके द्वारा व्यक्त किए गए विचारों पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि किया जाना शेष है। संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य पक्षों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। यह समाचार किसी व्यक्ति या पदाधिकारी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनहित में संबंधित पक्षों के विचार एवं शिकायतों को सामने रखने के उद्देश्य से प्रकाशित किया जा रहा है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




