खगड़िया में बदलेगी शहर की पहचान… बलुआही बस स्टैंड होगा ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस बस स्टैंड’…‘शिवाजी पार्क’ और भगत सिंह की प्रतिमा पर भी बड़ा फैसला

खगड़िया में बदलेगी शहर की पहचान… बलुआही बस स्टैंड होगा ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस बस स्टैंड’…‘शिवाजी पार्क’ और भगत सिंह की प्रतिमा पर भी बड़ा फैसला

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/नगर परिषद खगड़िया की सामान्य बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में शहर की पहचान और विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर सभापति अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बलुआही बस स्टैंड का नाम बदलकर ‘नेता जी सुभाष चंद्र बोस बस स्टैंड खगड़िया’ किए जाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेता जी सुभाष चंद्र बोस के सम्मान में शहर के प्रमुख बस स्टैंड का नामकरण किए जाने को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास योजनाओं के चयन, स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता देने तथा कनीय अभियंताओं द्वारा तैयार किए गए प्राक्कलन की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
महापुरुषों की स्मृति से जुड़ेंगे शहर के प्रमुख स्थल
सामान्य बोर्ड बैठक में शहर के चिल्ड्रेन पार्क का नाम बदलकर ‘शिवाजी पार्क नगर परिषद खगड़िया’ किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में खेल भवन के सामने महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि खगड़िया के विकास के साथ-साथ देश के महान महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को महापुरुषों के नाम से जोड़ने से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और योगदान की जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर शहर के प्रमुख बस स्टैंड का नामकरण खगड़िया के लिए गौरव की बात है। नेता जी का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति और देश के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है।
39 वार्डों की विकास योजनाओं पर भी हुआ मंथन
बैठक में नगर परिषद के सभी वार्डों में विकास योजनाओं के चयन को लेकर भी चर्चा हुई। वार्डों की स्थानीय समस्याओं एवं जरूरतों के आधार पर योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। चयनित योजनाओं के लिए कनीय अभियंताओं द्वारा तैयार प्राक्कलन की प्रशासनिक स्वीकृति एवं आगे की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया गया।
नगर सभापति ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को गति देना है। सड़क, नाला, जलनिकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
स्टॉलों के किराया निर्धारण पर भी चर्चा
बैठक में नगर परिषद के सभी स्टॉलों को बाजार मूल्य के आधार पर किराए पर देने के लिए समिति गठन एवं किराया निर्धारण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। समिति द्वारा तैयार प्रतिवेदन को आगे सशक्त स्थायी समिति के समक्ष रखने पर विचार किया गया।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल, नगर प्रबंधक मुकेश रंजन, कनीय अभियंता, सशक्त स्थायी समिति सदस्य शिवराज यादव, बबलू कुमार, रूबी देवी, शोभा देवी, वार्ड पार्षद पप्पू यादव, गुलशन कुमार, रंजीत कुमार, सचिन कुमार, श्रवण कुमार, लूसी खातून, सीमा सिन्हा सहित नगर परिषद के अन्य वार्ड पार्षद मौजूद रहे।
सामान्य बोर्ड की बैठक में विकास योजनाओं के साथ-साथ शहर की पहचान और ऐतिहासिक चेतना से जुड़े प्रस्तावों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। बलुआही बस स्टैंड को ‘नेता जी सुभाष चंद्र बोस बस स्टैंड खगड़िया’ नाम दिए जाने का प्रस्ताव बैठक का प्रमुख आकर्षण रहा। यह पहल खगड़िया शहर के सार्वजनिक स्थलों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की स्मृतियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close