
खगड़िया: किसानों की पीड़ा पर सांसद राजेश वर्मा का एक्शन… निजी कोष से शुरू कराई इटवा स्लुइस गेट की गाद निकासी…हजारों एकड़ खेतों में फिर खेती की जगी उम्मीद… सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर पोकलेन मशीन से शुरू कराया सफाई कार्य
खगड़िया: किसानों की पीड़ा पर सांसद राजेश वर्मा का एक्शन…
निजी कोष से शुरू कराई इटवा स्लुइस गेट की गाद निकासी…
हजारों एकड़ खेतों में फिर खेती की जगी उम्मीद…
सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर पोकलेन मशीन से शुरू कराया सफाई कार्य
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/इटवा स्लुइस गेट के समीप वर्षों से जमा गाद की सफाई का कार्य मंगलवार को सांसद राजेश वर्मा की पहल पर उनके निजी कोष से शुरू कराया गया। सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल ने मौके पर पोकलेन मशीन लगवाकर गाद निकासी का कार्य प्रारंभ कराया। लंबे समय से जलजमाव की समस्या झेल रहे क्षेत्र के किसानों के लिए यह पहल बड़ी राहत बनकर सामने आई है। सफाई कार्य शुरू होने से किसानों में खुशी के साथ एक बार फिर खेती-किसानी पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है।
दरअसल, इटवा स्लुइस गेट के समीप गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी लंबे समय से बाधित थी। इसका सीधा असर आसपास के कृषि क्षेत्रों पर पड़ रहा था। स्थानीय किसानों के अनुसार, समुचित जलनिकासी नहीं होने से पिछले दो वर्षों से खेतों में पानी जमा था। इसके चलते सैकड़ों किसानों की हजारों एकड़ कृषि भूमि पर खेती करना मुश्किल हो गया था। समय पर फसल की बुआई नहीं होने से किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
किसानों का कहना है कि स्लुइस गेट से गाद की सफाई होने के बाद जलनिकासी सुचारू होगी और खेतों में जमा पानी निकलने का रास्ता साफ होगा। इससे रबी फसल की बुआई संभव हो सकेगी। किसानों को उम्मीद है कि इस बार वे समय पर अपने खेतों में फसल लगा पाएंगे और लंबे समय से झेल रहे आर्थिक नुकसान से उबर सकेंगे।
इस संबंध में किसान सिकंदर कुमार यादव ने बताया कि इटवा स्लुइस गेट पर गाद जमा होने और जलजमाव की समस्या को लेकर किसान लंबे समय से परेशान थे। इस समस्या को लेकर कई लोग यहां आए, लेकिन किसानों की परेशानी के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने और निजी स्वार्थ साधने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि जब सांसद राजेश वर्मा को किसानों की वास्तविक समस्या की जानकारी मिली तो उन्होंने बिना देर किए अपनी टीम को गाद निकासी का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सांसद की टीम पोकलेन मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सफाई कार्य शुरू कराया। किसानों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद मजबूत हुई है। समय रहते सफाई कार्य पूरा होने और जलनिकासी बहाल होने से हजारों एकड़ जमीन फिर से खेती योग्य बन सकेगी।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, पार्टी प्रवक्ता आशुतोष कुमार, विकास कुमार, निशांत प्रताप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गाद निकासी का कार्य शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में खासा उत्साह है। किसानों ने सांसद राजेश वर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पहल उनके लिए केवल सफाई कार्य नहीं, बल्कि खेती और आजीविका को फिर से पटरी पर लाने की उम्मीद है। अब किसानों की निगाहें सफाई कार्य पूरा होने और खेतों से जलजमाव खत्म होने पर टिकी हैं।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




