
खगड़िया–हसनपुर की सड़क समस्याओं पर सांसद राजेश वर्मा सक्रिय…रेलवे व प्रशासन को लिखा पत्र… कबीरनगर–कमलपुर पावर हाउस रोड बंद करने पर जताई चिंता, बिथान बाजार की जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग
खगड़िया–हसनपुर की सड़क समस्याओं पर सांसद राजेश वर्मा सक्रिय…रेलवे व प्रशासन को लिखा पत्र…
कबीरनगर–कमलपुर पावर हाउस रोड बंद करने पर जताई चिंता, बिथान बाजार की जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में सड़क और आवागमन से जुड़ी समस्याओं को लेकर सांसद राजेश वर्मा ने पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने खगड़िया जंक्शन के उत्तर स्थित कबीरनगर–कमलपुर पावर हाउस रोड को रेलवे द्वारा बंद किए जाने के प्रस्ताव पर चिंता जताई है, वहीं समस्तीपुर जिले के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के बिथान बाजार की जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने का भी आग्रह किया है।
सांसद ने मंडल रेल प्रबंधक, सोनपुर मंडल को भेजे पत्र में कहा है कि कबीरनगर–कमलपुर पावर हाउस रोड क्षेत्र के करीब 50 हजार से अधिक लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। यदि इस सड़क को बंद किया गया तो स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने रेलवे प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर जनहित में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार करने का अनुरोध किया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मार्ग पर वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से भी स्थायी समाधान आवश्यक है।

दूसरे पत्र में सांसद राजेश वर्मा ने समस्तीपुर के जिलाधिकारी को बिथान बाजार की काली मंदिर से दशरथ चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ई-रिक्शा, बाइक, साइकिल और अन्य छोटे वाहनों के संचालन में कठिनाई हो रही है तथा बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
सांसद ने बताया कि स्थानीय नागरिक और व्यवसायी लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। यह बाजार की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, जिसकी खराब स्थिति का असर व्यापार और आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर सड़क की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। इस पत्र की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी, रोसड़ा तथा ग्रामीण कार्य विभाग, रोसड़ा के कार्यपालक अभियंता को भी भेजी गई है।
एक ही दिन में सड़क और आवागमन से जुड़े दो अहम मुद्दों को उठाकर सांसद राजेश वर्मा ने जनसुविधा और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




