
खगड़िया के सभी कॉलेजों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से ही रखने की मांग…विधायक बबलू मंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र भेजकर छात्रहित में वर्तमान व्यवस्था बनाए रखने का किया आग्रह…
खगड़िया के सभी कॉलेजों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से ही रखने की मांग…विधायक बबलू मंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र भेजकर छात्रहित में वर्तमान व्यवस्था बनाए रखने का किया आग्रह…
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बबलू कुमार मंडल ने जिले के सभी महाविद्यालयों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से यथावत रखने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र भेजा है। विधायक ने छात्र-छात्राओं की सुविधा, समय और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान व्यवस्था को बनाए रखने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने कहा है कि खगड़िया जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में सभी वर्गों के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वर्तमान में इन महाविद्यालयों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से है, जिसके कारण विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से जुड़े शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए अपेक्षाकृत कम दूरी तय करनी पड़ती है।
विधायक ने पत्र में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव के मद्देनजर खगड़िया जिले के महाविद्यालयों को उससे संबद्ध किए जाने की चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा है कि किसी भी निर्णय में विद्यार्थियों की सुविधा और स्थानीय परिस्थितियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में खगड़िया के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय संबंधी कार्यों के लिए लगभग 27 किलोमीटर की दूरी तय कर मुंगेर जाना पड़ता है। इसके बावजूद वर्तमान व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए समय और खर्च की दृष्टि से अपेक्षाकृत सुविधाजनक है। विधायक ने आशंका जताई कि यदि महाविद्यालयों की संबद्धता किसी दूसरे विश्वविद्यालय से की जाती है तो विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से संबंधित कार्यों के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ सकती है। इससे आने-जाने में अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च बढ़ सकता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि छात्रहित, शैक्षणिक सुविधा एवं विद्यार्थियों की आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खगड़िया जिले के सभी महाविद्यालयों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से ही यथावत रखने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की संबद्धता से जुड़े किसी भी निर्णय में विद्यार्थियों की सुविधा को केंद्र में रखा जाना चाहिए, ताकि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





