
धन्वन्तरि दिवस पर श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज की सराहनीय पहल… डॉ. विवेकानंद के हाथों मेडल, अंगवस्त्र एवं 5,100 रुपये की सम्मान राशि पाकर खिल उठे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के चेहरे…‘जय खगड़िया अभियान–मिशन 2030’ के तहत प्रतिभाओं को सम्मान, युवाओं को प्रोत्साहन और खगड़िया को नशामुक्त एवं विकसित जिला बनाने का संकल्प…
धन्वन्तरि दिवस पर श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज की सराहनीय पहल… डॉ. विवेकानंद के हाथों मेडल, अंगवस्त्र एवं 5,100 रुपये की सम्मान राशि पाकर खिल उठे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के चेहरे…‘जय खगड़िया अभियान–मिशन 2030’ के तहत प्रतिभाओं को सम्मान, युवाओं को प्रोत्साहन और खगड़िया को नशामुक्त एवं विकसित जिला बनाने का संकल्प…
खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस। जिले की खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज एवं शहीद प्रभु नारायण मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने सराहनीय पहल की है। संस्थान की ओर से राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खगड़िया का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. विवेकानंद ने खिलाड़ियों को मेडल के साथ ₹5,100 का चेक प्रदान किया। वहीं प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र एवं ₹5,100 की प्रोत्साहन राशि देकर उनके समर्पण और योगदान की सराहना की गई।
सम्मानित होने वालों में कुश्ती के राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतने वाले पहलवान दीपक कुमार, राज्यस्तरीय पहलवान मो. जावेद एवं मो. आरिफ, गटका खिलाड़ी इंद्रराज कुमार, नृत्य में राज्यस्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी प्राची प्रिया, 15 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी मानव कुमार, अंडर-18 राष्ट्रीय महिला शतरंज खिलाड़ी तन्नु कुमारी, अंडर-10 के राज्यस्तरीय खिलाड़ी कृष्ण कुमार एवं अंडर-14 के राज्यस्तरीय शतरंज खिलाड़ी नेवक कुमार शामिल रहे।
इसी क्रम में राष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी अमित कुमार उज्ज्वल, रिमझिम एवं केशव कुमार, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी राखी कुमारी, रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खिलाड़ी विशालाक्षी तथा राज्यस्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी हर्षित आनंद, विद्यानंद कुमार, सौरव कुमार, विकास कुमार, उत्कर्ष आनंद, अनिकेत कुमार एवं विश्वजीत सहित कई अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. विवेकानंद ने कहा कि खेल और संगीत जीवन में आनंद, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। खेल केवल पदक जीतने या उपलब्धियां हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज एवं बेहतर जीवनशैली का आधार भी है। प्रत्येक खिलाड़ी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल नहीं कर पाता, लेकिन खेल के माध्यम से रोजगार और सम्मानजनक भविष्य के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। इसी उद्देश्य से खेल प्रशिक्षकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खेल आधारित शिक्षण संस्थान खोलने की दिशा में भी पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि खगड़िया को आकांक्षी जिले की पहचान से आगे बढ़ाकर समृद्ध एवं विकसित जिला बनाने के लिए वर्ष 2030 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले की प्रतिभाओं को उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध कराना, युवाओं में खेल का वातावरण विकसित करना और खगड़िया को नशामुक्त बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल सरकार के प्रयासों से विकास संभव नहीं है, इसके लिए समाज का जागरूक एवं सक्रिय होना भी जरूरी है।
डॉ. विवेकानंद ने कहा कि वर्तमान में खगड़िया की पहचान एक उपभोक्ता जिले के रूप में अधिक है। इसे उत्पादक जिला बनाने की आवश्यकता है, ताकि स्थानीय प्रतिभा, संसाधन, श्रम एवं उद्यमिता के माध्यम से रोजगार और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर पैदा किए जा सकें। इन्हीं उद्देश्यों को लेकर ‘जय खगड़िया अभियान’ के तहत मिशन 2030 की परिकल्पना की गई है। उन्होंने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जय खगड़िया अभियान के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के बीच निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विकसित खगड़िया के निर्माण, रोजगार, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, उद्योग एवं सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर युवाओं से विचार आमंत्रित किए जाएंगे। प्रत्येक प्रखंड से बेहतर निबंध लिखने वाले 100 प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि जिले के विकास की योजना में युवाओं की सोच और भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ राजकिशोर सिंह, हिन्दुस्तान के ब्यूरो चीफ जितेंद्र कुमार बबलू, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ निर्भय झा, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ चंदन चौहान, अंग भारत के ब्यूरो चीफ सावन कुमार, डीडी न्यूज के शशि जी, कौशी एक्सप्रेस के संपादक पुरुषोत्तम कुमार ‘इंकलाब’, अमित कुमार, मो इरफान आलम, गीता यादव, रविकांत चौरसिया, सतीश कुमार, देव कुमार, सुमित सिन्हा, सत्यम स्नेही, रवि शंकर, अनुज सिंह, अरुण वर्मा, प्रभु जी, आनंद कुमार, मुन्ना यादव, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, डॉ रूबी भारती, इंजीनियर धर्मेंद्र, डॉ ज्ञान भूषण जी, सामाजिक कार्यकर्ता पी.सी. घोष एवं मीडिया प्रभारी अमरीष कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि जिले की प्रतिभाओं को सम्मान, युवाओं को अवसर और समाज को सकारात्मक दिशा देकर ही खगड़िया को नशामुक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित जिला बनाया जा सकता है। ‘जय खगड़िया अभियान’ के तहत मिशन 2030 इसी सामूहिक संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




