
खगड़िया: गंगा कटाव पर सांसद राजेश वर्मा का बड़ा ऐलान…बोले—अगली बार बंडाल निर्माण की स्वीकृति की दिशा में ठोस पहल के साथ आऊंगा
खगड़िया: गंगा कटाव पर सांसद राजेश वर्मा का बड़ा ऐलान…बोले—अगली बार बंडाल निर्माण की स्वीकृति की दिशा में ठोस पहल के साथ आऊंगा…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा ने सोमवार को खगड़िया विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर जनसमस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गंगा कटाव से प्रभावित रहीमपुर दक्षिणी, टीकारामपुर, मथार समेत आसपास के क्षेत्रों में कटाव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। मथार स्थित दुर्गा स्थान में आयोजित जनसभा में सांसद ने कहा कि गंगा कटाव का मुद्दा आगामी लोकसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही, बंडाल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने और उसकी स्वीकृति के लिए राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक प्रभावी पहल की जाएगी। सांसद के दौरे की शुरुआत खगड़िया स्थित संसदीय कार्यालय में क्षेत्र से आए नागरिकों से मुलाकात के साथ हुई। उन्होंने लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वे खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के एमजी रोड निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविशचंद्र सिन्हा के आवास पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। सांसद ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद सांसद राजेश वर्मा सदर विधायक बबलू मंडल के साथ रहीमपुर उत्तरी पंचायत के सोनवर्षा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने सीआरपीएफ में तैनात रहे शहीद हवलदार स्वर्गीय पमपम चौधरी के आवास पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
कटाव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
सांसद ने विधायक बबलू मंडल के साथ रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटाव की स्थिति और स्थानीय लोगों की परेशानियों को करीब से समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कटावरोधी कार्यों को मजबूती से कराने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि गंगा किनारे बसे लोगों की जमीन, घर और आजीविका को बचाया जा सके।
मथार की जनसभा में उमड़े हजारों ग्रामीण, बंडाल निर्माण की उठी मांग
इसके बाद मथार के दुर्गा स्थान में आयोजित जनसभा में रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर मध्य, रहीमपुर उत्तरी और टीकारामपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने सांसद राजेश वर्मा और विधायक बबलू मंडल का जोरदार स्वागत किया। जनसभा में लोगों ने गंगा कटाव से उत्पन्न गंभीर संकट को प्रमुखता से उठाते हुए गंगा किनारे मजबूत बंडाल निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि कटाव के कारण बड़ी आबादी के सामने विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में स्थायी कटावरोधी उपाय ही लोगों को राहत दिला सकते हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि यहां मौजूद बुजुर्गों और माताओं को उम्मीद है कि उनके जीवनकाल में गंगा कटाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की उम्मीदों को टूटने नहीं दिया जाएगा। युवाओं के उत्साह और लोगों के विश्वास को अपनी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक पहल जल्द दिखाई देगी।
सिर्फ आश्वासन नहीं, समाधान की दिशा में ठोस पहल का भरोसा
सांसद ने कहा कि वे यहां केवल आश्वासन देने नहीं आए हैं, बल्कि समस्या के समाधान का रास्ता तैयार करने के संकल्प के साथ आए हैं। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार, दोनों स्तरों पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा सत्र में गंगा कटाव का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के समक्ष भी इस गंभीर समस्या को रखा जाएगा, ताकि कटावरोधी कार्यों और मजबूत बंडाल निर्माण के लिए आवश्यक पहल हो सके। सांसद ने परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना यानी डीपीआर तैयार कराने की दिशा में ठोस प्रगति का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि रहीमपुर दक्षिणी, टीकारामपुर, मथार और आसपास के गंगा तटीय इलाकों में बंडाल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने तथा उसकी स्वीकृति प्राप्त करने के उद्देश्य से संबंधित सरकारों और विभागों के समक्ष लगातार आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगली बार क्षेत्र में आने पर इस दिशा में स्वीकृति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए ठोस पहल करने का प्रयास रहेगा। सांसद ने गंगा कटाव के मुद्दे को लगातार उठाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार मुन्ना, इंजीनियर धर्मेंद्र, नागेंद्र त्यागी और विधायक बबलू मंडल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने स्थानीय जनता की पीड़ा को क्षेत्र से लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तक पहुंचाने का काम किया है। सांसद ने दोहराया कि कटाव प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, उनकी जमीन और आजीविका को बचाना प्राथमिकता है।
विधायक बबलू मंडल ने भी दिया समाधान का भरोसा
जनसभा को संबोधित करते हुए खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और गंगा कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनकी मुलाकात हुई है और गंगा किनारे कटाव रोकने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के निदान के लिए सरकार के स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा, लोजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, रालोमो जिलाध्यक्ष परमानंद सिंह सहित एनडीए के कई नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




