
खगड़िया: महाष्टमी पर जिलाधिकारी विक्रम विरकर का पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों में निरीक्षण…सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश… श्रद्धालुओं से अपील—धैर्य और अनुशासन बनाए रखें, अफवाहों से बचें तथा प्रशासन का सहयोग करें
खगड़िया: महाष्टमी पर जिलाधिकारी विक्रम विरकर का पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों में निरीक्षण…सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश… श्रद्धालुओं से अपील—धैर्य और अनुशासन बनाए रखें, अफवाहों से बचें तथा प्रशासन का सहयोग करें
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ महाष्टमी के पावन अवसर पर जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सन्हौली दुर्गा मंदिर एवं मां कात्यायनी मंदिर सहित अन्य प्रमुख पूजा स्थलों का जायजा लिया। सन्हौली दुर्गा मंदिर में उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्गों, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और पूजा स्थलों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों में भीड़ की लगातार निगरानी की जाए। प्रवेश एवं निकास मार्गों को बाधामुक्त रखा जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को परेशानी न हो।
उन्होंने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने तथा पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। किसी भी समस्या या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने जिलेवासियों को महाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष अपील की कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें, धक्का-मुक्की से बचें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और न ही अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित करें। किसी संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल मौके पर तैनात प्रशासनिक या पुलिस कर्मियों को सूचित करें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी सौहार्द, सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




