खगड़िया में राष्ट्रीय लोक अदालत सफल…1823 वादों का निपटारा, 8.59 करोड़ रुपये का हुआ समझौता

खगड़िया में राष्ट्रीय लोक अदालत सफल…1823 वादों का निपटारा, 8.59 करोड़ रुपये का हुआ समझौता

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ आज 14 मार्च को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देशानुसार सिविल कोर्ट खगड़िया तथा अनुमंडलीय सिविल कोर्ट गोगरी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के सुलहनीय वादों का निष्पादन आपसी समझौते के आधार पर किया गया।
सिविल कोर्ट खगड़िया में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार खगड़िया राजेश कुमार बच्चन, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय मनोज कुमार द्विवेदी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम  संजय कुमार, जिला एवं अपराध न्यायाधीश द्वितीय शैलेन्द्र कुमार-2, विशेष न्यायाधीश उत्पाद द्वितीय प्रभाकर झा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चंदन कुमार सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रदेव प्रसाद यादव एवं सचिव नागेश्वर प्रसाद गुप्ता भी उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह के दौरान पिछले लोक अदालत में सर्वाधिक वाद निष्पादित करने वाले तीन न्यायिक पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राजीव कुमार (रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी) को 230 वादों का निष्पादन कर प्रथम स्थान, प्रियंका कुमारी को 86 वादों का निष्पादन कर द्वितीय स्थान तथा ऋषि चंदन (विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट) को 73 वादों का निष्पादन कर तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की नोडल पदाधिकारी कौशिकी कश्यप, डीएसपी मुख्यालय प्रवीण कुमार मिश्रा, सभी न्यायिक पदाधिकारी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, अधिवक्तागण तथा न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित थे।
विभिन्न प्रकार के मामलों के निष्पादन के लिए इस बार लोक अदालत में कुल 14 बेंच का गठन किया गया था। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव द्वारा कई बार पीठों का निरीक्षण किया गया तथा पक्षकारों से बातचीत कर मामलों के निष्पादन में सहयोग किया गया। प्रधान जिला जज ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी पक्षकार आएं, उनके वादों का निष्पादन कर ही उन्हें वापस भेजा जाए।
इस दौरान एक अनोखा मामला भी सामने आया, जिसमें दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी शशांक कुमार नायक की बेंच संख्या-10 द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सऊदी अरब में मौजूद पक्षकार को जोड़कर वाद का सफल निष्पादन कराया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत सिविल कोर्ट खगड़िया एवं गोगरी में कुल 1823 वादों का निष्पादन किया गया, जिसमें पक्षकारों के बीच 8 करोड़ 59 लाख 58 हजार 162 रुपये का समझौता हुआ। इनमें कोर्ट में लंबित 769 वाद, बैंक ऋण से संबंधित 1026 वाद, ट्रैफिक चालान के 11 वाद तथा बीएसएनएल से जुड़े 17 वाद शामिल हैं।
मुकदमों के पक्षकारों की सहायता के लिए इस बार भी दो हेल्प डेस्क बनाए गए थे तथा सभी बेंचों में पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को काफी सुविधा मिली।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चंदन कुमार ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, बैंक कर्मियों, पीएलवी, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों तथा दूर-दूर से आए पक्षकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी लोक अदालत में इससे भी अधिक मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

 

 

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक

 

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close