
कबड्डी के मैदान में खगड़िया की बेटियों की हुंकार…तीन दिग्गज टीमों को पछाड़ कटिहार में बनीं उपविजेता : आर्किटेक्ट शुभम कुमार
कबड्डी के मैदान में खगड़िया की बेटियों की हुंकार…तीन दिग्गज टीमों को पछाड़ कटिहार में बनीं उपविजेता : आर्किटेक्ट शुभम कुमार 
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ जिले की होनहार बालिका कबड्डी टीम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर खगड़िया का नाम रोशन किया है। 11 एवं 12 नवंबर को कटिहार में आयोजित डे-नाइट कबड्डी टूर्नामेंट में खगड़िया की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और कबड्डी संघ के पदाधिकारियों में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता में खगड़िया की टीम ने शुरुआत से ही दमदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत रक्षात्मक रणनीति और आक्रामक खेल के दम पर मधेपुरा, किशनगंज एवं भागलपुर की टीमों को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में मेजबान कटिहार की टीम से कड़ी टक्कर हुई। रोमांचक मुकाबले के बाद खगड़िया की टीम उपविजेता रही। हालांकि, खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
टीम की इस उपलब्धि पर खगड़िया जिला कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष एवं आर्किटेक्ट शुभम कुमार खिलाड़ियों के बीच पहुंचे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खगड़िया की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल भावना से पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। फाइनल तक पहुंचना और उपविजेता बनना बड़ी उपलब्धि है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों का संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास ही उनकी असली पहचान है। उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन मिले तो ये बेटियां राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी खगड़िया का नाम रोशन कर सकती हैं।
खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार चौहान, सचिव प्रियदर्शना सिंह सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी भी लगातार सहयोग करते रहे। इस उपलब्धि पर संरक्षक मनीष कुमार सिंह, विप्लव रणधीर, प्रद्युम्न कुमार सिंह, डॉ. जैनेंद्र नहर, ज्योतिष मिश्रा, अर्चना कुमारी, बबलू कुमार, अरमान एवं कविता सहित कई गणमान्य लोगों ने टीम को बधाई दी।
टीम की सफलता के पीछे खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास, अथक परिश्रम, आपसी तालमेल और अनुशासन महत्वपूर्ण रहा। वहीं टीम कोच प्रकाश कुमार एवं चंद्रमणि के कुशल मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में खगड़िया की ओर से छोटी कुमारी, गुड़िया कुमारी, पुष्पा कुमारी, राखी कुमारी, राधिका कुमारी, सुलेखा कुमारी, ममता कुमारी, साक्षी कुमारी, प्रिया कुमारी, अर्चना कुमारी समेत अन्य खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
खगड़िया की इन बेटियों ने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। जरूरत है तो बस अवसर, संसाधन और उचित मार्गदर्शन की। उनकी यह उपलब्धि जिले की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




