खगड़िया: थैलेसीमिया मरीजों की जिंदगी बचाने को राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज की सराहनीय पहल…18 यूनिट रक्तदान…एनएसएस के तत्वावधान में बीएड-डीएलएड के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़ाया मदद का हाथ…रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित…

खगड़िया: थैलेसीमिया मरीजों की जिंदगी बचाने को राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज की सराहनीय पहल…18 यूनिट रक्तदान…एनएसएस के तत्वावधान में बीएड-डीएलएड के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़ाया मदद का हाथ…रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित…

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की जिंदगी बचाने और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, आवास बोर्ड, खगड़िया की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने सराहनीय पहल की है। इसी कड़ी में कॉलेज की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में बीएड एवं डीएलएड के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 18 यूनिट रक्तदान किया।

मालूम हो कि यह रक्तदान श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज सह शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, एनएच-31, परमानंदपुर, खगड़िया स्थित ब्लड बैंक में किया गया। शिविर का नेतृत्व एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

सेमिनार और क्विज प्रतियोगिता से शुरू हुई जागरूकता मुहिम

रक्तदान शिविर से पूर्व कॉलेज में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए एक दिवसीय सेमिनार एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को रक्तदान के महत्व, जरूरतमंद मरीजों की सहायता तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। क्विज प्रतियोगिता में बाल विजय कुमार ने प्रथम, नीतू कुमारी ने द्वितीय, सृष्टि कुमारी ने तृतीय, खुशी कुमारी ने चतुर्थ तथा धीरज कुमार ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।

शिक्षकों ने भी आगे बढ़कर किया रक्तदान

रक्तदान शिविर में कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ड्रामा एंड आर्ट के शिक्षक हरिकिशोर ठाकुर, डॉ. प्रदीप कुमार और प्रोफेसर शशि भूषण कुमार ने भी रक्तदान कर विद्यार्थियों को मानव सेवा की प्रेरणा दी। रक्तदान करने वालों में संबल फातिमा, नेहा कुमारी, भव्या कुमारी, दृष्टि राज, पूजा कुमारी, प्रीति कुमारी, लूसी कुमारी, बाल विजय, राहुल कुमार, धीरज कुमार, प्रशांत कुमार और आयुष कुमार सहित अन्य छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से शामिल रहे।

रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज सह शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. विवेकानंद तथा राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज की अध्यक्ष डॉ. रीना कुमारी रूबी ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदाताओं के साथ भोजन भी किया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

थैलेसीमिया के मरीजों की मदद करना हम सबका दायित्व : डॉ. विवेकानंद

अस्पताल के निदेशक डॉ. विवेकानंद ने कहा कि खगड़िया जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की जिंदगी बचाना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और इस नेक कार्य के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने थैलेसीमिया मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे मरीजों की सहायता के लिए समाज के लोगों को आगे आना चाहिए, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी की जिंदगी संकट में न पड़े।

सामाजिक दायित्वों के प्रति सदैव तत्पर है संस्थान : डॉ. रीना कुमारी रूबी

राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज की अध्यक्ष डॉ. रीना कुमारी रूबी ने कहा कि उनका संस्थान शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी सदैव तत्पर रहता है। रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सहभागिता समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना और मानव जीवन की रक्षा करना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है।

थैलेसीमिया मरीजों और जरूरतमंदों के लिए उपयोगी होगा रक्त

एनएसएस के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में संग्रहित रक्त का उपयोग थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जा सकेगा। दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में भी सुरक्षित रक्त की उपलब्धता जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कॉलेज की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बन सकता है। युवाओं की इस सहभागिता से जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ने और मानव सेवा की भावना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close