
खगड़िया: विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम विक्रम विरकर व एसपी पुष्कर आनंद ने की संयुक्त समीक्षा बैठक…महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सूखा नशा एवं 24×7 गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर..
खगड़िया: विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम विक्रम विरकर व एसपी पुष्कर आनंद ने की संयुक्त समीक्षा बैठक…महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सूखा नशा एवं 24×7 गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर..
खगड़िया कौशी एक्सप्रेस/ आज शुक्रवार 25 सितंबर को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर आनंद की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, सूखा नशा पर अंकुश तथा 24×7 गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
विद्यालयों के आसपास नियमित गश्ती एवं निगरानी के निर्देश
बैठक में विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन को विद्यालय खुलने से लेकर छुट्टी होने तक शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित गश्ती एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सार्वजनिक स्थलों, यथा अस्पताल, विद्यालय, मंदिर, मस्जिद आदि के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पूछताछ करने को कहा गया। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन को परिसर एवं मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें सदैव कार्यशील रखने का निर्देश दिया गया।
साइबर अपराध और सूखा नशा की रोकथाम पर विशेष जोर
बैठक में साइबर अपराध की रोकथाम तथा आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में 24×7 गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। सूखा नशा की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर गश्ती रूट निर्धारित करने एवं आवश्यकतानुसार छापेमारी करने का निर्देश सभी थानाध्यक्षों एवं अंचल अधिकारियों को दिया गया। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा गश्ती व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
112 एवं गश्ती वाहनों से विद्यालयों की निगरानी
पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर आनंद ने पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर टोल-फ्री आपातकालीन सेवा नंबर 112 एवं गश्ती वाहनों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग एवं सतर्क रहने की अपील की। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा 112 पर सूचना देने को कहा गया। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। बैठक में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





