
17 सितंबर से खगड़िया में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’…11 प्रमुख गतिविधियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर…डीएम विक्रम विरकर के निर्देश पर बनी विस्तृत कार्ययोजना…अभियान के प्रभावी संचालन के लिए नोडल पदाधिकारी नामित
17 सितंबर से खगड़िया में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’…11 प्रमुख गतिविधियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर…डीएम विक्रम विरकर के निर्देश पर बनी विस्तृत कार्ययोजना…अभियान के प्रभावी संचालन के लिए नोडल पदाधिकारी नामित
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/ बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं कला एवं संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों के आलोक में खगड़िया जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 17 सितंबर से होगा। यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के प्रभावी, समयबद्ध एवं समन्वित क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी विक्रम विरकर के निर्देश पर जिला प्रशासन ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, सांस्कृतिक गतिविधियों, नवाचार एवं जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देना तथा अधिक से अधिक आमजनों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ना है।
इसके तहत जिले में 11 प्रमुख गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के जिला स्तरीय प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का वरीय प्रभार उप विकास आयुक्त श्रेया श्री को सौंपा गया है। उनके सहयोग के लिए वरीय उप समाहर्त्ता प्रवीण कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं सहायक योजना पदाधिकारी नित्यानंद किशोर को जिम्मेदारी दी गई है। विभिन्न गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी भी नामित किया गया है।
11 गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी पर जोर
‘सेवा चित्र’ के तहत सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में ‘विकसित भारत’ एवं सेवा कार्य विषय पर ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘सेवा स्मरण’ के माध्यम से संगीतमय कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा और जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ के तहत विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से हुए वास्तविक बदलाव की सफलता की कहानियां एवं लघु वीडियो संकलित किए जाएंगे। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर सांस्कृतिक सहभागिता के साथ पदयात्रा एवं साइकिल यात्रा आयोजित की जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा सेवा गतिविधियों, श्रमदान एवं प्रत्यक्ष रूप से बदलाव दिखाई देने वाले कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।
6 अक्टूबर को होगा ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम
अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त ‘सेवा के रंग—रंगोली/भारत मंडला’, ‘हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज’, ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ तथा ‘25 साल, 25 कहानियां—नेशनल अनबॉक्सिंग’ जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।
तीन दिनों में कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश
जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने सभी नामित नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्रमों की विस्तृत जिला स्तरीय कार्ययोजना तीन दिनों के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित विभागों, अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं स्थानीय निकायों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर सभी गतिविधियों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन का लक्ष्य ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा, सहभागिता, नवाचार एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा अभियान में आमजनों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





