
खगड़िया: 8 जनवरी 1947 से शिक्षा की अलख जगा रहा कोशी कॉलेज…गौरवशाली इतिहास और शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने की प्रेसवार्ता
खगड़िया: 8 जनवरी 1947 से शिक्षा की अलख जगा रहा कोशी कॉलेज…गौरवशाली इतिहास और शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने की प्रेसवार्ता…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ आज मंगलवार 3 नवम्बर 2026 को कोशी कॉलेज, खगड़िया के गौरवशाली इतिहास, शैक्षणिक उपलब्धियों और क्षेत्र के विकास में इसके योगदान को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की स्थापना से लेकर अब तक के शैक्षणिक सफर, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
मीडियाकर्मियों को प्राचार्य ने बताया कि कोशी कॉलेज की स्थापना 8 जनवरी 1947 को हुई थी। उस समय खगड़िया में उच्च शिक्षा के अवसर बेहद सीमित थे। तत्कालीन एसडीओ स्वर्गीय हरवंश नारायण सिंह ने शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हुए इस महाविद्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण पहल की थी। उनका उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण, आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना था।
उन्होंने बताया कि प्रारंभ में महाविद्यालय एक संबद्ध कॉलेज के रूप में संचालित हुआ। वर्ष 1975 में यह तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का स्थायी अंगीभूत महाविद्यालय बना। वहीं, 18 मार्च 2018 को मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद कोशी कॉलेज इस विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई बन गया।
प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान में महाविद्यालय में कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई होती है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय, प्रयोगशाला, इंटरनेट, भाषा प्रयोगशाला, छात्रावास और खेलकूद जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कॉलेज का प्रयास विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आलोचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की सक्रिय भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को सामुदायिक विकास और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाता है, जिससे उनमें सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिक बनने की सोच विकसित होती है।
प्राचार्य प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने कहा कि कोशी कॉलेज का इतिहास खगड़िया के लोगों के सपनों और संघर्ष से जुड़ा हुआ है। महाविद्यालय ने वर्षों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान कर सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास में अहम योगदान दिया है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर नागरिक बनाना है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




