
वर्षों का इंतजार खत्म … वार्ड-19 में 21.87 लाख की PCC सड़क और RCC नाला का उद्घाटन… नगर सभापति अर्चना कुमारी ने पूरी की स्थानीय लोगों की मांग…
वर्षों का इंतजार खत्म … वार्ड-19 में 21.87 लाख की PCC सड़क और RCC नाला का उद्घाटन… नगर सभापति अर्चना कुमारी ने पूरी की स्थानीय लोगों की मांग…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और विकास कार्य पूरा हुआ। वार्ड संख्या-19 में 21 लाख 87 हजार 900 रुपये की लागत से निर्मित PCC सड़क एवं RCC नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन नगर सभापति श्रीमती अर्चना कुमारी ने किया।
इस योजना के तहत चंद्रमुखी देवी के घर से अशोक शर्मा के घर होते हुए जगदीश के घर तक PCC सड़क एवं RCC नाला का निर्माण कराया गया है। सड़क और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को अब आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्षों पुरानी मांग को मिला समाधान
स्थानीय क्षेत्र में सड़क एवं नाला निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। खराब रास्ते और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मोहल्लेवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बरसात के मौसम में लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। निर्माण कार्य पूरा होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। वार्ड संख्या-19 में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य पूरा होना स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी जोर
नगर सभापति ने कहा कि विकास कार्य केवल योजनाओं को स्वीकृति दिलाने या उद्घाटन करने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए। जनता की गाढ़ी कमाई से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक उसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, नाला, जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रयास है कि नगर परिषद के सभी वार्डों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
वार्ड संख्या-19 में PCC सड़क एवं RCC नाला निर्माण कार्य पूरा होने पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर सभापति के प्रति आभार जताया। लोगों का कहना था कि इस सड़क और नाला के निर्माण से मोहल्ले के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी सुविधा होगी तथा जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी। उद्घाटन समारोह में नगर उपसभापति प्रतिनिधि शबनम जबीन सहित स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने नगर सभापति का स्वागत किया। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि खगड़िया को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उनका लक्ष्य है कि नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाला, रोशनी और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों तथा विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




