
खगड़िया: एसपी भानु प्रताप सिंह की सख्ती का असर… 24 घंटे में गृहभेदन कांड का खुलासा… चोरी का सामान बरामद, तीन गिरफ्तार
खगड़िया: एसपी भानु प्रताप सिंह की सख्ती का असर… 24 घंटे में गृहभेदन कांड का खुलासा… चोरी का सामान बरामद, तीन गिरफ्तार
खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया जिले में संपत्तिमूलक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह (IPS ) के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। एसपी के निर्देश पर खगड़िया थाना क्षेत्र में हुई गृहभेदन (चोरी) की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो अपराधी तथा चोरी का सामान खरीदने वाला एक कबाड़ कारोबारी शामिल है। पुलिस ने चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह लगातार जिले में घटित संपत्तिमूलक अपराधों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों एवं अनुसंधानकर्ताओं को ऐसे मामलों के त्वरित अनुसंधान, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन तथा शीघ्र उद्भेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी का परिणाम है कि खगड़िया थाना कांड संख्या-141/26, दिनांक 24 जुलाई 2026, धारा 331(4)/305 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 के तहत दर्ज गृहभेदन कांड का खुलासा मात्र 24 घंटे के भीतर कर लिया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने हाजीपुर निवासी विक्रम कुमार (पिता-बबलू मलिक) एवं दीपक कुमार (पिता-स्व. अनिल मलिक) को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ कारोबारी मो. असलम (पिता-मो. अजमत), वर्तमान निवासी मालगोदाम रोड, खगड़िया को भी गिरफ्तार किया गया। मो. असलम मूल रूप से बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के कुरहा गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तांबे के पाइप के टुकड़े, स्टील के बर्तन, एल्यूमिनियम की खिड़की के पार्ट्स, लोहे के पाइप, चाकू, एल्यूमिनियम का तसला, सिक्के समेत चोरी गया अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में खगड़िया थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक सफत खातून, पुलिस अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार तथा सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी, गृहभेदन एवं अन्य संपत्तिमूलक अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
एसपी के नेतृत्व में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हुआ, बल्कि यह भी स्पष्ट संदेश गया है कि खगड़िया पुलिस अपराधियों के विरुद्ध तेज, प्रभावी और परिणाममुखी कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





