
खगड़िया: नगर सभापति अर्चना कुमारी ने वार्ड-39 को दी 31.28 लाख की विकास योजनाओं की सौगात…दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का किया उद्घाटन…
खगड़िया: नगर सभापति अर्चना कुमारी ने वार्ड-39 को दी 31.28 लाख की विकास योजनाओं की सौगात…दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का किया उद्घाटन…
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/ नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वार्ड संख्या-39 को करीब ₹31 लाख 27 हजार 830 की दो विकास योजनाओं की सौगात मिली। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने सोमवार को पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर सभापति का स्वागत करते हुए कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से वर्षों से चली आ रही सड़क और जल निकासी की समस्या का समाधान होगा तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।
नगर परिषद के अनुसार पहली योजना के तहत ₹18 लाख 59 हजार 200 की लागत से पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला का निर्माण कराया गया है। वहीं दूसरी योजना ₹12 लाख 68 हजार 630 की लागत से पूरी की गई है। दोनों योजनाओं की कुल लागत ₹31 लाख 27 हजार 830 है।
इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल योजनाओं की स्वीकृति तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क और नाला किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं। बेहतर सड़क से आवागमन आसान होता है, जबकि मजबूत जल निकासी व्यवस्था से बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या से राहत मिलती है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जा रहा है और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, नाला, पुलिया, सामुदायिक शौचालय, पार्क, पोखर सौंदर्यीकरण, हाईमास्ट एवं डेकोरेटिव लाइट सहित कई जनहित की योजनाओं पर लगातार कार्य चल रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद गोविन्द कुमार पासवान ने की। उन्होंने नगर सभापति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों योजनाओं से वार्ड संख्या-39 के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर ब्रजेश कुमार, क्रिया पासवान, बाल्मीकि पासवान, शशि भूषण पासवान, पृथ्वी पासवान, गुलशन जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। लोगों ने नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इन योजनाओं से जलजमाव की समस्या दूर होगी, आवागमन सुगम बनेगा और वार्ड-39 विकास की नई पहचान बनेगा।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




