
खगड़िया: जिला परिषद की सामान्य बैठक में 19 से अधिक विभागों की गहन समीक्षा…स्वास्थ्य, बाढ़ नियंत्रण और विकास योजनाओं पर जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने दिए सख्त निर्देश…
खगड़िया: जिला परिषद की सामान्य बैठक में 19 से अधिक विभागों की गहन समीक्षा…स्वास्थ्य, बाढ़ नियंत्रण और विकास योजनाओं पर जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने दिए सख्त निर्देश…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शनिवार को जिला परिषद की सामान्य बैठक जिला परिषद अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष संघ, बिहार की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनहित एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए 19 से अधिक विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संभावित बाढ़ की तैयारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क एवं पुल निर्माण, आंगनबाड़ी व्यवस्था तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी विभाग पूरी सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ पूर्व तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को संवेदनशील एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सदर अस्पताल एवं विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिप अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान खगड़िया एवं गोगरी प्रमंडल क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं रखरखाव कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों पर जिप अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर संवेदकों द्वारा प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है तथा सड़कों का समुचित रखरखाव भी नहीं हो रहा है। उन्होंने इस मामले को विभागीय मुख्यालय के समक्ष उठाकर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।
पुल निर्माण विभाग की समीक्षा में मानसी गंडक नदी, कोशी नदी क्षेत्र, चौथम-नवादा, मलपा, अलौली, कनौना घाट, कित्ता धार एवं आनंदपुर मारन सहित विभिन्न स्थानों पर लंबित पुल निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। जिप अध्यक्ष ने कहा कि पुलों के अभाव में हजारों ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में संभावित बाढ़ को देखते हुए पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं, टीकाकरण एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बाढ़ के दौरान पशुधन की सुरक्षा एवं उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में जिला परिषद द्वारा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। इनमें बिहार पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत पंचायत क्षेत्रों के परिसीमन, पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन तथा जनसंख्या के समानुपात में पंचायत क्षेत्रों के पुनर्गठन संबंधी मांगें शामिल हैं। इन प्रस्तावों को राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्वेता भारती, जिला परिषद के सभी सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता, जनहित के मुद्दों तथा संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों पर व्यापक चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




