
खगड़िया: छठ महापर्व को लेकर डीएम विक्रम विरकर और एसपी शैलेन्द्र सिंह ने संभाली कमान… रेलवे स्टेशन से छठ घाटों तक तैयारियों का लिया जायजा…प्रवासी भाई-बहनों के स्वागत में रेलवे स्टेशन पर छठमय माहौल बनाने का निर्देश.. घाटों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर दिया जोर
खगड़िया: छठ महापर्व को लेकर डीएम विक्रम विरकर और एसपी शैलेन्द्र सिंह ने संभाली कमान… रेलवे स्टेशन से छठ घाटों तक तैयारियों का लिया जायजा...प्रवासी भाई-बहनों के स्वागत में रेलवे स्टेशन पर छठमय माहौल बनाने का निर्देश.. घाटों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर दिया जोर
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिलाधिकारी विक्रम विरकर एवं पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने खगड़िया रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
रेलवे स्टेशन पर प्रवासियों के स्वागत में दिखेगा छठमय माहौल
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सर्वप्रथम खगड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचकर छठ महापर्व पर दूसरे प्रदेशों से घर लौट रहे प्रवासी भाई-बहनों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों के लिए बनाए गए शेड को दुरुस्त रखने, 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई एवं आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्टेशन परिसर में छठ गीत बजाने, छठ से संबंधित तोरण द्वार, फ्लेक्स एवं बैनर लगाने को कहा, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को स्टेशन पहुंचते ही छठ महापर्व का पारंपरिक और भक्तिमय माहौल महसूस हो सके।
नाव से प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण
इसके बाद डीएम ने संसारपुर घाट से एसडीआरएफ की नाव के माध्यम से शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान संसारपुर घाट, अघोरी घाट, पुल घाट, सीढ़ी घाट एवं बलुआही घाट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। डीएम ने घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से मजबूत बैरिकेडिंग करने तथा प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स एवं बैनर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रतिबंधित घाटों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और ऐसे घाटों पर बड़े एवं स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा, ताकि श्रद्धालु पहले से ही सुरक्षित घाटों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
चेंजिंग रूम, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
डीएम ने सभी प्रमुख छठ घाटों पर छठव्रती माताओं एवं बहनों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम शीघ्र तैयार कराने तथा पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाटों पर कहीं भी अंधेरा नहीं रहना चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों, गोताखोरों और नाविकों की तैनाती की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी चिन्हित गोताखोरों एवं नाविकों की सूची मोबाइल नंबर के साथ कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहे। साथ ही कंट्रोल रूम को पूरी तरह क्रियाशील रखने और तैनात सुरक्षा कर्मियों, गोताखोरों एवं नाविकों की अपने निर्धारित स्थल पर लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।
शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित छठ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी विवेक सुगंध, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल, रेलवे के स्टेशन सुपरिटेंडेंट, जीआरपी एवं आरपीएफ के इंस्पेक्टर, अंचल अधिकारी खगड़िया सदर, प्रखंड विकास पदाधिकारी खगड़िया सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




