
खगड़िया: जिला परिषद कार्यालय में जिप अध्यक्ष ने शान से फहराया तिरंगा… पंचायती राज व्यवस्था से गांव और टोला तक विकास की रोशनी पहुंचाना लक्ष्य : कृष्णा कुमारी यादव
खगड़िया: जिला परिषद कार्यालय में जिप अध्यक्ष ने शान से फहराया तिरंगा… पंचायती राज व्यवस्था से गांव और टोला तक विकास की रोशनी पहुंचाना लक्ष्य : कृष्णा कुमारी यादव..
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ शहर स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। अपने संबोधन में श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, बलिदानी वीर सपूतों एवं महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि करीब दो सौ वर्षों की अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजादी दिलाने के लिए असंख्य लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अनेक वीर फांसी के फंदे पर झूले, हजारों लोगों ने जेल की यातनाएं सहीं और अनेक माताओं-बहनों की मांग का सिंदूर मिट गया। उनके त्याग और बलिदान से मिली स्वतंत्रता का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के लिए गरीबों की आंखों के आंसू पोंछना ही सच्ची आजादी थी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीबों एवं वंचितों के जीवन में बदलाव लाना बापू के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
जिप अध्यक्ष ने कहा कि नए परिसीमन के बाद पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद क्षेत्रों का गठन जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर होने से विकास राशि का बेहतर उपयोग संभव होगा। जिला परिषद मद से विद्यालय, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, रोजगार, सड़क, नाला, सार्वजनिक शौचालय, छठ घाट, यात्री शेड, विद्यालय प्रांगण की घेराबंदी, आधुनिक पुस्तकालय, आंगनबाड़ी केंद्रों का सौंदर्यीकरण तथा अस्पताल निर्माण सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खगड़िया जिला परिषद ने बेहतर कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है। आगे भी जिले के प्रत्येक गांव और टोले तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए जिला परिषद पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि जिला परिषद मद से मां कात्यायनी धाम में भव्य धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, 11 महिला जिला परिषद सदस्यों में से मात्र दो की उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने से महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली। इसके बावजूद महिला जनप्रतिनिधियों का अपने दायित्वों के निर्वहन में पुरुषों पर अत्यधिक निर्भर रहना चिंताजनक है।
नए परिसीमन के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से बिहार के हर गांव और टोले को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकास की रोशनी से सजाया जाएगा। उन्होंने ओबीसी आयोग के गठन को लेकर किए गए प्रयासों की भी चर्चा की।
समारोह में पूर्व विधायक रणवीर यादव, जदयू नेता अशोक सिंह मुखिया, पूर्व प्रमुख बलवीर चांद यादव, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी आरती कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी अनील कुमार, जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव, चंदन साह, सुनील कुमार चौरसिया, प्रवीण पासवान, पुनिता सिंह, अभीष अमोल एवं डॉ. धीरेंद्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तथा जिला परिषद के कर्मचारी उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





