
खगड़िया: झूलन महोत्सव के अवसर पर बलुआही ठाकुरबाड़ी में 24 से 27 अगस्त तक होगा अंतर्राज्यीय कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता का आयोजन
खगड़िया: झूलन महोत्सव के अवसर पर बलुआही ठाकुरबाड़ी में 24 से 27 अगस्त तक होगा अंतर्राज्यीय कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता का आयोजन
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ बलुआही ठाकुरबाड़ी परिसर में रविवार को कुश्ती (दंगल) कमिटी की बैठक अध्यक्ष अंगद यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी झूलन महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली अंतर्राज्यीय कुश्ती प्रतियोगिता की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियाँ तय की गईं। राजद जिलाध्यक्ष एवं बलुआही ठाकुरबाड़ी के सदस्य मनोहर कुमार यादव ने बताया कि बलुआही ठाकुरबाड़ी में सावन माह के अंतिम पाँच दिनों तक प्रत्येक वर्ष झूलन महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। पिछले वर्ष से झूलन महोत्सव के अवसर पर कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता का आयोजन भी शुरू किया गया है। इस वर्ष 24, 25, 26 एवं 27 अगस्त को अंतर्राज्यीय कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों तथा बिहार के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष पहलवान भाग लेंगे।
बैठक के बाद कमिटी के सदस्यों ने दंगल स्थल का निरीक्षण किया। धर्मशाला के पीछे स्थित बगीचे में स्थायी अखाड़े का निर्माण कर उसमें मिट्टी डाली जा चुकी है। अखाड़े के निर्माण में शेष कार्य को खगड़िया के अनुभवी पहलवानों के मार्गदर्शन में शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही अखाड़े के चारों ओर मिट्टी डालकर जेसीबी से समतलीकरण कराया जा रहा है तथा अखाड़े तक जाने वाले मार्ग को भी दुरुस्त किया जा रहा है। कमिटी ने बताया कि बाहर से आने वाले सभी महिला एवं पुरुष पहलवानों को आमंत्रण भेज दिया गया है। इसके अलावा बिहार एवं खगड़िया जिले के पहलवानों को भी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निमंत्रित किया गया है। कुश्ती कमिटी के अध्यक्ष अंगद यादव ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन में पर्याप्त खर्च आ रहा है। दूसरे राज्यों से महिला एवं पुरुष पहलवानों के आगमन को देखते हुए सभी सदस्यों से समय निकालकर चंदा संग्रह अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है। बैठक में पूर्व वार्ड पार्षद एवं कुश्ती कमिटी के सदस्य रणवीर कुमार, संटू सिन्हा, प्रमोद साह, नवीन यादव, अजीत कुमार उर्फ घूरन, प्रमोद यादव, शकलदीप यादव, मो. नसीम उर्फ लंबू, छेदी यादव, बलुआही ठाकुरबाड़ी के सचिव वेदो यादव, सदस्य ई. नंदन यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





