
खगड़िया: विधानसभा में गूंजा भदास गांव के सड़क का मुद्दा… विधायक बबलू मंडल के सवाल पर सरकार ने दिया सितंबर 2026 तक निर्माण पूरा करने का भरोसा
खगड़िया: विधानसभा में गूंजा भदास गांव के सड़क का मुद्दा… विधायक बबलू मंडल के सवाल पर सरकार ने दिया सितंबर 2026 तक निर्माण पूरा करने का भरोसा
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/भदास गांव की सड़क का जल्द कायाकल्प होगा। खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल द्वारा विधानसभा के मानसून सत्र में इसके लिए तारांकित प्रश्न के माध्यम से मामला उठाया गया था। जिस पर सरकार ने जवाब देते हुए बताया है कि पीडब्ल्यूडी रोड से अमबाड़ीह तक 3.510 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य संशोधित कार्ययोजना के अनुसार सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। सरकार के इस जवाब से क्षेत्र के लोगों में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य के पूरा होने की उम्मीद जगी है।
सरकार ने अपने लिखित उत्तर में बताया कि संबंधित सड़क ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत एवं एकरारित है। एकरारनामा के अनुसार कार्य प्रारंभ करने की तिथि 5 मई 2025 तथा कार्य पूर्ण करने की तिथि 4 मई 2026 निर्धारित थी।
प्रारंभिक सुधार कार्य हो चुका। अब संशोधित कार्ययोजना के तहत शेष निर्माण कार्य भी जल्द पूर्ण होगा। सरकार ने सदन को अवगत कराया कि सड़क पर इनिशियल रेक्टिफिकेशन का कार्य पहले ही कराया जा चुका है। वहीं शेष कार्यों को पूरा करने के लिए संवेदक द्वारा संशोधित कार्ययोजना (Revised Work Plan) विभाग को समर्पित की गई है।
सरकारी जवाब के अनुसार, संशोधित कार्ययोजना के आधार पर निर्माण कार्य सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
जलजमाव की समस्या से भी मिलेगी राहत: सरकार ने अपने उत्तर में यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीणों को वर्षों से झेलनी पड़ रही परेशानी से भी राहत मिलेगी।
विधायक के सवाल का मिला ठोस जवाब : भदास पंचायत में सड़क की जर्जर स्थिति और निर्माण में हो रही देरी को देखते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने यह मामला विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से उठाया था। उनके प्रश्न के जवाब में सरकार ने सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति, पूर्व में किए गए कार्य तथा शेष कार्य को पूरा करने की समय-सीमा सदन के पटल पर रखी।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार द्वारा विधानसभा में दिए गए आश्वासन के अनुरूप सितंबर 2026 तक सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा होता है या नहीं। इससे भदास सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि वे जमीन से जुड़े हुए नेता हैं। उन्हें पता है कहां क्या काम किया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जबतक सड़क का निर्माण पूर्ण नहीं हो जाता वे चैन से बैठने वाले नहीं हैं। क्योंकि वे जनता के प्रति सौ फीसदी उत्तरदायी होकर काम करना जानते हैं। उन्होंने कहा कि सदन के अलावा उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री से मिलकर भी उक्त सड़क के निर्माण को लेकर पत्र दिया है। जिसपर मंत्री ने जल्द कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




