
खगड़िया: दिशा समिति में उजागर हुई PHED की गड़बड़ी… सांसद राजेश वर्मा की पहल पर कार्यपालक अभियंता सरोज कुमार निलंबित…
खगड़िया: दिशा समिति में उजागर हुई PHED की गड़बड़ी… सांसद राजेश वर्मा की पहल पर कार्यपालक अभियंता सरोज कुमार निलंबित…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ प्राप्त सूचनानुसार जिले में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) की योजनाओं में अनियमितताओं और लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उठे मुद्दे के बाद लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता सरोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों खगड़िया में सांसद राजेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित दिशा समिति की बैठक में समिति के सदस्यों ने नल-जल योजना सहित जलापूर्ति योजनाओं में भारी गड़बड़ी की शिकायत की थी। इस पर सांसद ने बैठक के दौरान ही जिलाधिकारी को मामले की जांच कराने का निर्देश दिया था।
जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा खगड़िया, गोगरी, चौथम, बेलदौर, मानसी और परबत्ता प्रखंडों में कुल 193 जलापूर्ति योजनाओं की जांच कराई गई। जांच में 19 योजनाएं बंद पाई गईं। वहीं कई पंचायतों के विभिन्न वार्डों में हर घर नल का जल योजना का संचालन और रखरखाव विभागीय मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
इसके बाद जिला स्तर की जांच के पश्चात बेगूसराय अंचल के अधीक्षण अभियंता द्वारा भी इन योजनाओं की पुनः जांच कराई गई। पुनः जांच में दो योजनाएं बंद पाई गईं, जबकि 1945 घरों में जल संयोजन कार्य नहीं कराया गया था। वहीं 1164 घरों में जलापूर्ति बाधित पाई गई। जांच प्रतिवेदन में कार्यपालक अभियंता की नकारात्मक भूमिका भी सामने आई।
इसके अलावा CGRC पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा में भी गंभीर अनियमितता सामने आई। कार्यपालक अभियंता सरोज कुमार के स्तर से पोर्टल पर 476 शिकायतों के निष्पादन की रिपोर्ट अपलोड की गई थी, लेकिन विभागीय नियंत्रण कक्ष द्वारा सत्यापन के बाद 84 शिकायतों का फीडबैक असंतोषजनक पाया गया। इसके कारण सभी 49 प्रमंडलों की विभागीय रैंकिंग में खगड़िया प्रमंडल 35वें स्थान पर पहुंच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार के राज्यपाल के आदेश से अभियंता प्रमुख सह विशेष सचिव (मुख्यालय) नित्यानंद प्रसाद ने लोक स्वास्थ्य प्रमंडल खगड़िया के कार्यपालक अभियंता सरोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इस संबंध में खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




