
खगड़िया: कहीं नीचे, कहीं ऊपर… नाला निर्माण पर उठे सवाल…नगर सभापति अर्चना कुमारी ने DM से स्वतंत्र जांच की मांग… कचहरी रोड एवं सोनमंखी-गौशाला रोड में BUIDCO करा रहा नाला निर्माण…एलाइनमेंट, लेवल और तकनीकी गुणवत्ता की जांच का आग्रह…
खगड़िया: कहीं नीचे, कहीं ऊपर… नाला निर्माण पर उठे सवाल…नगर सभापति अर्चना कुमारी ने DM से स्वतंत्र जांच की मांग… कचहरी रोड एवं सोनमंखी-गौशाला रोड में BUIDCO करा रहा नाला निर्माण…एलाइनमेंट, लेवल और तकनीकी गुणवत्ता की जांच का आग्रह…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र अंतर्गत कचहरी रोड एवं सोनमंखी-गौशाला रोड में BUIDCO द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर तकनीकी स्थिति एवं एलाइनमेंट पर सवाल उठाते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने जिला पदाधिकारी से स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने का आग्रह किया है।
नगर सभापति ने DM को भेजे पत्र में निर्माणाधीन नाला कार्यों का स्वतंत्र स्थल निरीक्षण एवं तकनीकी सत्यापन कराने की मांग की है। पत्र के अनुसार, निर्माण स्थल पर कहीं नाला जमीन के नीचे तो कहीं जमीन से करीब दो फीट ऊपर बनाए जाने की स्थिति दिखाई दे रही है। वहीं, कुछ स्थानों पर नाला के एलाइनमेंट एवं घुमाव को लेकर भी शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। उन्होंने आग्रह किया है कि निर्माण पूरा होने से पहले नाला की सीध, लेवल, ढाल, गहराई, चौड़ाई और एलाइनमेंट का सक्षम अभियंताओं से तकनीकी सत्यापन कराया जाए, ताकि यदि कहीं कोई तकनीकी कमी हो तो समय रहते उसका सुधार किया जा सके।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर भी जताई आशंका
नगर सभापति ने कहा कि कुछ स्थानों पर सरकारी भूमि उपलब्ध होने के बावजूद अन्य स्थान पर नाला बनाए जाने की स्थिति बताई गई है। भविष्य में सड़क चौड़ीकरण की योजना होने पर गलत एलाइनमेंट में निर्मित नाला सड़क विस्तार में बाधा बन सकता है।ऐसी स्थिति में सरकारी राशि से निर्मित नाले को हटाकर दोबारा निर्माण कराने की आवश्यकता पड़ सकती है। उन्होंने DPR, स्वीकृत प्राक्कलन एवं भविष्य की सड़क चौड़ीकरण योजना को ध्यान में रखते हुए नाला के एलाइनमेंट का तकनीकी सत्यापन कराने का आग्रह किया है।
BUIDCO के अलावा दूसरे विभाग के अभियंताओं से जांच की मांग
नगर सभापति ने BUIDCO के संबंधित अभियंताओं के अतिरिक्त किसी अन्य विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को प्रतिनियुक्त कर स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे निर्माण कार्य की वास्तविक तकनीकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और किसी भी संभावित कमी का समय रहते समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने निर्माण स्थल पर संवेदक की कार्यप्रणाली तथा संबंधित अभियंताओं की तकनीकी निगरानी की स्थिति की भी जांच कराने का आग्रह किया है। यदि सक्षम जांच में किसी प्रकार की तकनीकी अनियमितता अथवा लापरवाही प्रमाणित होती है तो नियमानुसार जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई की मांग की गई है।
“निर्माण रोकना नहीं, सही निर्माण सुनिश्चित करना उद्देश्य”
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि उनका उद्देश्य विकास कार्य को रोकना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जनता की राशि से बनने वाला नाला तकनीकी मानकों के अनुरूप, टिकाऊ और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद कमी सामने आने से बेहतर है कि अभी स्वतंत्र तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार करा लिया जाए। इससे भविष्य में सरकारी राशि के अनावश्यक दोबारा खर्च की स्थिति से बचा जा सकेगा और शहर की जलनिकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकेगा। नगर सभापति ने जिला प्रशासन से कचहरी रोड एवं सोनमंखी-गौशाला रोड में निर्माणाधीन BUIDCO नाला कार्य की समय रहते स्वतंत्र तकनीकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
कानूनी एवं प्रशासनिक स्तर पर जांच जरूरी
उल्लेखनीय है कि नगर सभापति द्वारा उठाए गए बिंदु फिलहाल शिकायत, आशंका एवं तकनीकी सत्यापन की मांग के रूप में हैं। इनकी वास्तविकता का अंतिम निर्धारण सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्थल निरीक्षण, स्वीकृत DPR, प्राक्कलन, तकनीकी मानकों एवं संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद ही किया जा सकेगा। स्वतंत्र जांच में यदि किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि, नियम-विरुद्ध कार्य अथवा लापरवाही प्रमाणित होती है, तो सक्षम प्राधिकारी द्वारा संबंधित व्यक्ति अथवा एजेंसी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। जांच पूरी होने तक किसी व्यक्ति या एजेंसी पर अनियमितता का अंतिम आरोप नहीं माना जाएगा।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




