
कोसी स्नातक निर्वाचन की तैयारी पूरी…23 अक्टूबर को होगा मतदान…खगड़िया में 11 मतदान केंद्रों पर 9,494 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग…डीएम विक्रम विरकर ने दी चुनावी तैयारियों की जानकारी…
कोसी स्नातक निर्वाचन की तैयारी पूरी…23 अक्टूबर को होगा मतदान…खगड़िया में 11 मतदान केंद्रों पर 9,494 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग…डीएम विक्रम विरकर ने दी चुनावी तैयारियों की जानकारी…
खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 22 सितंबर 2026 को निर्वाचन कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसी क्रम में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर ने प्रेस ब्रीफिंग आयोजित कर निर्वाचन कार्यक्रम, मतदान केंद्रों, मतदाताओं एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को पूर्णिया स्थित मतगणना केंद्र में होगी।
11 मतदान केंद्रों पर 9,494 मतदाता डालेंगे वोट
खगड़िया जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 मूल एवं 3 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। 30 दिसंबर 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 9,494 मतदाता हैं। मतदान केंद्रों पर अधिकतम 1,400 मतदाताओं के आधार पर आवश्यक व्यवस्था की गई है। निर्वाचन के लिए पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त श्री दिनेश कुमार, भा.प्र.से. को निर्वाची पदाधिकारी तथा जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर, भा.प्र.से. को खगड़िया जिले के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी अधिसूचित किया गया है।
मतपेटिका के माध्यम से होगा मतदान
निर्वाचन में मतदान मतपेटिका के माध्यम से मतपत्र द्वारा कराया जाएगा। मतदान के बाद पोल्ड मतपेटिकाओं को पूर्णिया स्थित बज्रगृह में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। मतगणना भी पूर्णिया स्थित निर्धारित मतगणना केंद्र पर होगी।
मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार
निर्वाचन के सफल संचालन के लिए जिले में विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है। मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में कार्मिक उपलब्ध हैं तथा मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का कैलेंडर भी तैयार कर लिया गया है। प्रशिक्षण मुख्य सभा कक्ष, समाहरणालय, खगड़िया में निर्धारित तिथियों के अनुसार कराया जाएगा।
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर विशेष ध्यान
प्रेस ब्रीफिंग में आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि निर्वाचन अवधि में ऐसे नीतिगत कार्यक्रम अथवा नीतिगत घोषणाओं से परहेज किया जाएगा, जिनसे संबंधित मतदाताओं के प्रभावित होने की संभावना हो। निर्वाचन कार्यों से इतर आधिकारिक दौरों को निर्वाचन कार्यों के साथ संयोजित नहीं किया जाएगा। प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व लागू प्रतिबंधों का भी सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तर पर निगरानी एवं अनुश्रवण की व्यवस्थाओं को सक्रिय किया गया है।
निष्पक्ष एवं तथ्यपरक समाचार प्रसारण की अपील
मीडिया से निर्वाचन अवधि में वस्तुनिष्ठ, संतुलित एवं निष्पक्ष समाचारों के प्रसारण की अपील की गई। धर्म, जाति, नस्ल, समुदाय, क्षेत्र अथवा भाषा के आधार पर शत्रुता या घृणा की भावना को बढ़ावा देने वाली सामग्री से बचने तथा असत्यापित आरोपों को प्रकाशित या प्रसारित नहीं करने का अनुरोध किया गया। साथ ही पेड न्यूज, अफवाह एवं भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचने तथा किसी विशेष उम्मीदवार अथवा राजनीतिक दल के प्रचार का माध्यम नहीं बनने की अपील की गई। जिला निर्वाचन शाखा ने सभी संबंधित पक्षों से कोसी स्नातक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




