
खगड़िया के बाढ़ प्रभावित इलाकों को तत्काल घोषित किया जाए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र : बबलू मंडल, विधायक…आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा को पत्र भेजकर की मांग… प्रभावित परिवारों को राहत, क्षतिपूर्ति और सरकारी सहायता देने का आग्रह…
खगड़िया के बाढ़ प्रभावित इलाकों को तत्काल घोषित किया जाए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र : बबलू मंडल, विधायक…
आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा को पत्र भेजकर की मांग… प्रभावित परिवारों को राहत, क्षतिपूर्ति और सरकारी सहायता देने का आग्रह…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ते बाढ़ के प्रभाव को देखते हुए खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र भेज कर एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा के साथ आयोजित बाढ़ प्रभावित पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्र के वार्डों में किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य को लेकर आयोजित बैठक में पत्र देकर तत्काल बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत स्वरूप दी जाने वाली जीआर की राशि के जल्द से जल्द भुगतान की मांग की है। विधायक ने कहा है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बाढ़ का पानी फैलने से आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बड़ी संख्या में परिवारों के सामने भोजन, पेयजल, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समस्या उत्पन्न हो गई है।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतों में विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी एवं रहीमपुर मध्य पंचायत के विभिन्न गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ दैनिक जरूरतों की वस्तुओं की उपलब्धता भी चुनौती बन गई है।
पत्र में मानसी प्रखंड के पूर्वी ठाठा पंचायत के चैधा बांध, जालिम बाबू टोला एवं मटिहानी क्षेत्र में भी बाढ़ के व्यापक प्रभाव का उल्लेख किया गया है। विधायक ने कहा कि इन क्षेत्रों में भी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
इसके अलावा विधायक ने खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 30, 31 एवं 19 को भी बाढ़ से प्रभावित बताया है। इन वार्डों में बाढ़ का पानी फैलने के कारण शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। विधायक ने इन वार्डों को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के रूप में घोषित करने की मांग की है।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने मंत्री से आग्रह किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल आकलन कराकर उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित किया जाए। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार राहत सामग्री, क्षतिपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
विधायक ने कहा कि आपदा की इस स्थिति में सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना होना चाहिए। राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवा, आवश्यक सामग्री तथा सुरक्षित आवागमन जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए वे लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं और हर संभव मदद के लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आपदा प्रबंधन विभाग प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके और उन्हें सरकारी सहायता का लाभ समय पर प्राप्त हो।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





