
बाढ़ पीड़ितों के लिए खुली राहत की रसोई…विधायक बबलू मंडल ने अपने हाथों से परोसा खाना… वार्ड 31 में सामुदायिक किचेन का उद्घाटन… एनएच-31 पर शरण लिए परिवारों के बीच बांटी पॉलीथिन शीट…
बाढ़ पीड़ितों के लिए खुली राहत की रसोई…विधायक बबलू मंडल ने अपने हाथों से परोसा खाना…
वार्ड 31 में सामुदायिक किचेन का उद्घाटन… एनएच-31 पर शरण लिए परिवारों के बीच बांटी पॉलीथिन शीट…
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। मंगलवार को सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 में सामुदायिक किचेन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों का जायजा लिया। विधायक ने एनएच-31 पर शरण लिए बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। ऐसे परिवारों को बारिश से बचाने के लिए पॉलीथिन शीट सहित अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। बबलू कुमार मंडल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काफी पहले यह स्पष्ट कर दिया था कि आपदा के समय सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए आपदा प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने का काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत वितरण को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत के साथ-साथ मानसी प्रखंड के पूर्वी ठाठा पंचायत के चैधा बांध, जालिम बाबू टोला और मटिहानी क्षेत्र में भी प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने को कहा गया है। विधायक ने कहा कि खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19, 30 और 31 में भी बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। जिन इलाकों में लोगों को भोजन की आवश्यकता है, वहां जरूरत के अनुसार सामुदायिक किचेन संचालित किए जा रहे हैं। सामुदायिक किचेन के माध्यम से प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी परिवार को इस आपदा के दौरान भोजन के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जरूरत के अनुसार राहत शिविर, सामुदायिक किचेन और राहत सामग्री की व्यवस्था को और बढ़ाया जाएगा। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ उनके भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। विधायक ने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने तथा जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान लोगों की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे और जिला प्रशासन उनके साथ खड़े हैं। बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराने का कार्य जारी रहेगा। मौके पर वार्ड पार्षद शिवराज यादव, जदयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





