
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन छात्र-युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत: आचार्य राकेश पासवान शास्त्री
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन छात्र-युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत: आचार्य राकेश पासवान शास्त्री
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ सदर प्रखंड अंतर्गत रहीमपुर मध्य पंचायत के प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय, नन्हकू मंडल टोला में बीते गुरुवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात वैज्ञानिक एवं लेखक भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की 95वीं जयंती समारोह विश्व छात्र दिवस के रूप में हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला नागरिक परिषद के सदस्य एवं स्थानीय समाजसेवी आचार्य राकेश पासवान शास्त्री तथा प्रधानाध्यापिका ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन संस्कृत शिक्षक हीरालाल शास्त्री ने किया। उपस्थित लोगों ने डॉ. कलाम के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, साधना, वैज्ञानिक चेतना और राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। साधारण परिवार से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचकर उन्होंने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से इतिहास रचा। मिसाइल मैन के रूप में भारतीय रक्षा एवं अंतरिक्ष कार्यक्रमों में उनका योगदान अविस्मरणीय है। वे न केवल ज्ञान के पुजारी और कर्म के उपासक थे, बल्कि वास्तव में कलाम साहब छात्र युवाओं के लिए प्रेरणापुंज थे। उनका जीवन विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, ज्ञान अर्जित करने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा देता है।
शास्त्री ने विद्यार्थियों से नशे और मोबाइल के दुरुपयोग से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील की। शास्त्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज किताब के सामने झुकोगे तो आने वाले समय में दुनियां तेरे कदमों में झुकेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को आत्मसात कर विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना है।
प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी कुमारी ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। उनके आदर्शों पर चलकर छात्र-छात्राएं अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक अशोक कुमार, रविंद्र कुमार, मयंक प्रियदर्शी, कुमारी सोनम, महताब आलम, पियुष कांति राय, पवन कुमार, लिपिक रूपम कुमारी, प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य ईशा देवी तथा रात्रि प्रहरी राजेश यादव सहित छात्र-छात्राओं रोनिका, सूर्यवंश, मौसम, आर्यन, अंशिका, अंकिता और उजाला ने भाग लिया। सभी ने डॉ. कलाम के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





