महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने निकाली भव्य घर-घर तिरंगा यात्रा…तिरंगे के साथ छात्राओं ने दिया राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश…सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन

महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने निकाली भव्य घर-घर तिरंगा यात्रा…तिरंगे के साथ छात्राओं ने दिया राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश…सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन

खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/  आज शुक्रवार 14 अगस्त 2026 को  भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ एवं स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत खगड़िया महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में छात्राओं ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ यात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने किया। तिरंगा यात्रा महिला महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर होंडा एजेंसी, बालूवाही बस स्टैंड और शिवाला चौक होते हुए पुनः महिला महाविद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान छात्राओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और स्वच्छता का संदेश दिया। तिरंगे के साथ निकली छात्राओं की टोली ने शहर में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्राओं ने राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर भाषण, देशभक्ति से जुड़े नृत्य, रंगोली तथा अन्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि तिरंगा देश के असंख्य वीरों और युवाओं की कुर्बानी का प्रतीक है। आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर देश को और मजबूत एवं समृद्ध बनाने का संकल्प लेना चाहिए। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विधायक ने कहा कि खुशहाल भारत और खुशहाल बिहार के निर्माण के लिए केंद्र और बिहार सरकार लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि गुलामी के प्रतीकों को समाप्त कर देश की गौरवशाली विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छता, अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

छात्राओं ने रखीं महाविद्यालय की समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने विधायक के समक्ष महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को भी रखा। छात्राओं ने कक्षाओं की कमी, महिला छात्रावास, महाविद्यालय की चहारदीवारी, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा परीक्षा भवन के निर्माण की मांग की। छात्राओं की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने आश्वासन दिया कि खगड़िया महिला महाविद्यालय के विकास के लिए चरणबद्ध तरीके से लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तौसिफ मोहसिन ने की। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रियंका कुमारी सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. कुमार प्रभास, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. उद्यमी कुमारी, डॉ. बेबी कुमारी और डॉ. उत्तम पासवान सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। छात्राओं में रिमझिम कुमारी, शालू कुमारी, अनामिका कुमारी, संघमित्रा कुमारी, मोनिका कुमारी, आकांक्षा कुमारी, प्रतिभा कुमारी, नेहा कुमारी, साजन कुमारी, गुड़िया कुमारी और तन्नु कुमारी सहित सैकड़ों छात्राओं ने तिरंगा यात्रा और विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे महाविद्यालय परिसर और यात्रा मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा। छात्राओं ने तिरंगे के सम्मान, स्वच्छता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का संकल्प लिया।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close