
खगड़िया एसपी ने प्रेसवार्ता में किया बड़ा खुलासा… रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में कदाचार कराने वाले गिरोह के 15 गिरफ्तार
खगड़िया एसपी ने प्रेसवार्ता में किया बड़ा खुलासा… रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में कदाचार कराने वाले गिरोह के 15 गिरफ्तार
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस / बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर प्रतियोगिता परीक्षा में कदाचार कराने की साजिश रच रहे एक संगठित गिरोह का खगड़िया पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलने और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने की तैयारी में जुटा था।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि जिला आसूचना DIU इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग परीक्षा में अवैध तरीके अपनाकर अभ्यर्थियों को सफलता दिलाने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर सदर-1 एसडीपीओ मुकुल रंजन एवं साइबर डीएसपी निशांत गौरव सहित पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष राकेश कमार गुप्ता , चित्रगुप्त नगर थाना प्रभारी नवीन कुमार, DIU के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले के कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान गिरोह से जुड़े कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में उदय कुमार, मनीष कुमार, वीरू कुमार, प्रीतम कुमार, सुजीत कुमार, प्रवीण कुमार, अरविंद कुमार, प्रेमजीत कुमार, बबलू कुमार, रोशन कुमार, मनीष कुमार, शैलेश कुमार सहित अन्य शामिल हैं। ये सभी भोजपुर, खगड़िया, वैशाली, नवादा और अरवल जिले के निवासी बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 9 मोबाइल फोन, 8 एडमिट कार्ड, 7 बैंक चेक, एक एटीएम कार्ड, दो चारपहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, कई शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामानों की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
इस मामले में खगड़िया थाना कांड संख्या 126/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य जिलों से जुड़े कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।
एसपी भानु प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




