प्रवासी समागम 2026: खगड़िया के विकास में भागीदार बनेंगे देश-दुनिया में बसे जिले के लाल…डीएम विक्रम विरकर की पहल को मिला व्यापक समर्थन…‘जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ के संकल्प के साथ प्रवासियों ने जताई विकास में सक्रिय भागीदारी की प्रतिबद्धता…सांसद राजेश वर्मा ने निवेश, रोजगार और सीएसआर के जरिए जिले की तस्वीर बदलने का दिया संदेश

प्रवासी समागम 2026: खगड़िया के विकास में भागीदार बनेंगे देश-दुनिया में बसे जिले के लाल…डीएम विक्रम विरकर की पहल को मिला व्यापक समर्थन…

जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ के संकल्प के साथ प्रवासियों ने जताई विकास में सक्रिय भागीदारी की प्रतिबद्धता…

सांसद राजेश वर्मा ने निवेश, रोजगार और सीएसआर के जरिए जिले की तस्वीर बदलने का दिया संदेश

खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस। अपनी जन्मभूमि से दूर रहकर देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में सफलता की नई इबारत लिख रहे खगड़िया के लोगों को अपनी माटी से जोड़ने और जिले के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से समाहरणालय सभाकक्ष में ‘प्रवासी समागम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ के प्रेरक संकल्प के साथ आयोजित इस समागम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रवासी भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों में कार्यरत कई प्रवासी ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने सभी प्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रवासी हमारे जिले की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके अनुभव, कौशल और सोच से खगड़िया को विकास की नई दिशा मिल सकती है। जिला प्रशासन प्रवासियों के सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करेगा। उन्होंने प्रवासियों के लिए सिंगल विंडो सुविधा, निवेश, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष पहल करने की बात कही।

वापसी का टिकट रद्द कर समागम में पहुंचे प्रवासी

समागम के दौरान प्रवासियों में अपनी जन्मभूमि के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। एक प्रवासी भाई ने तो कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपना वापसी का टिकट तक रद्द कर दिया। प्रवासियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, स्टार्टअप और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपने अनुभव साझा किए और जिले के विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में जिले की विकास योजनाओं, नई औद्योगिक नीति, कौशल विकास एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

सामूहिक भागीदारी से ही विकसित बनेगा खगड़िया : सांसद राजेश वर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि खगड़िया को विकसित बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर चुके प्रवासियों की भागीदारी बेहद जरूरी है। केवल एक जनप्रतिनिधि के प्रयास से किसी क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग, बुद्धिजीवियों, उद्यमियों और प्रवासियों को मिलकर आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई से तीन वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से खगड़िया में विकास की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को गति मिली है। इनमें मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन सड़क, करीब छह से सात रेलवे ओवरब्रिज, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और खेल मैदानों का विकास जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से जिले की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

सांसद ने कहा कि खगड़िया से बाहर रहकर विभिन्न उद्योगों, कंपनियों और संस्थानों में काम कर रहे लोगों के पास 15 से 20 वर्षों का व्यावसायिक अनुभव, तकनीकी ज्ञान और संसाधन हैं। वे अपने अनुभव का उपयोग जिले में नए प्रोजेक्ट और उद्यम स्थापित करने में कर सकते हैं। निवेशक अपने निवेश पर उचित आर्थिक प्रतिफल चाहते हैं। इसलिए ऐसे प्रोजेक्ट तैयार करने की जरूरत है, जिनसे निवेशकों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ स्थानीय लोगों की जरूरतें पूरी हों और रोजगार के नए अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि निवेशकों और आर्थिक संसाधनों की कमी नहीं है, जरूरत बेहतर प्रोजेक्ट रिपोर्ट, सही सोच और उचित मार्गदर्शन की है।

उन्होंने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के उपयोग पर भी जोर दिया। सांसद ने कहा कि बड़े कॉरपोरेट घरानों और बैंकों में कार्यरत प्रवासी अपने संस्थानों के सीएसआर फंड के माध्यम से खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के जरूरतमंद इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में योगदान दे सकते हैं।

प्रवासियों को एक मंच पर लाने की पहल सराहनीय : परबत्ता विधायक

परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने देश के कोने-कोने में कार्यरत प्रवासी भाई-बहनों को एक मंच पर लाने के लिए जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर प्रवासी के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा जाए। उन्होंने कहा कि खगड़िया में पहली बार प्रवासियों के लिए इतने बड़े स्तर पर समागम आयोजित किया गया है। इस तरह के आयोजन से प्रवासियों को अपनी जन्मभूमि से जुड़ने और जिले के विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

बिहार को विकसित राज्य बनाने में प्रवासियों की भूमिका अहम : बबलू मंडल, सदर विधायक

खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प बिहार को विकसित राज्य बनाना है। इसी उद्देश्य से प्रवासी समागम का आयोजन किया गया है। आज बिहार में उद्योगों की स्थापना और औद्योगिक विकास की दिशा में लगातार चर्चा और प्रयास हो रहे हैं। सभी जरूरी सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित सभी प्रवासियों ने संघर्ष और मेहनत के बल पर अपने जीवन में मुकाम हासिल किया है। अब उन्हें अपने अनुभव और क्षमता का उपयोग खगड़िया के विकास में करना चाहिए। सभी के सामूहिक सहयोग से ही इस मुहिम को आगे बढ़ाया जा सकता है।

प्रवासियों के अनुभव से जिले में सृजित होंगे नए अवसर : जिला परिषद अध्यक्ष

जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने प्रवासी समागम के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की यह पहल खगड़िया के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। जिले से बाहर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी अपने अनुभव, ज्ञान और कौशल के माध्यम से यहां नए अवसरों का सृजन कर सकते हैं। उन्होंने प्रवासियों से जिले के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

खेती, मत्स्य पालन से लेकर स्टार्टअप तक विकास की अपार संभावनाएं : डीएम

जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कहा कि खगड़िया के समग्र विकास के लिए यहां के प्रवासियों की भागीदारी बेहद जरूरी है। जिले से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोग अपने अनुभव, तकनीकी ज्ञान, कौशल और निवेश के माध्यम से विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रवासियों को जिले से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि खेती और मत्स्य पालन जैसे पारंपरिक क्षेत्रों से लेकर आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता तक जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। नई पीढ़ी की प्रतिभा और प्रवासियों के अनुभव का समन्वय खगड़िया के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत और मुख्यमंत्री के विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए विकास की प्रक्रिया में हर वर्ग और हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन जिले की समस्याओं के समाधान के साथ रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। लक्ष्य है कि विकास की इस यात्रा में कोई भी पीछे नहीं छूटे। प्रवासी समागम के माध्यम से जिले के बाहर रह रहे सफल लोगों के अनुभव, संसाधन और निवेश को खगड़िया के विकास से जोड़ने की पहल की जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रवासियों ने ‘जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ के संकल्प के साथ अपने जिले के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा, खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य, जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव,  उप विकास आयुक्त श्रेयाशी श्री, अपर समाहर्ता पुष्पेश कुमार सहित RLM जिलाध्यक्ष परमानंद सिंह कुशवाहा एवं जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रवासी भाई-बहन उपस्थित थे।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close