
अपनी माटी का कर्ज चुकाने आगे आएं प्रवासी…खगड़िया के विकास में निभाएं भागीदारी : कृष्णा कुमारी यादव….प्रवासी समागम में जिला परिषद अध्यक्ष ने उद्योग स्थापना के पुराने प्रयासों का किया खुलासा…बोलीं— अपने लिए तो सभी जीते हैं, अपनी माटी और अपनी धरती के लिए भी थोड़ा जीने का प्रयास कीजिए
अपनी माटी का कर्ज चुकाने आगे आएं प्रवासी…खगड़िया के विकास में निभाएं भागीदारी : कृष्णा कुमारी यादव…
प्रवासी समागम में जिला परिषद अध्यक्ष ने उद्योग स्थापना के पुराने प्रयासों का किया खुलासा…
बोलीं— अपने लिए तो सभी जीते हैं, अपनी माटी और अपनी धरती के लिए भी थोड़ा जीने का प्रयास कीजिए…
खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस। जिले के विकास को नई गति देने और देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे खगड़िया के लोगों को अपनी जन्मभूमि से जोड़ने की दिशा में जिलाधिकारी विक्रम विरकर की पहल पर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में ‘प्रवासी समागम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ के प्रेरक संकल्प के साथ आयोजित इस समागम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रवासी भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों में कार्यरत कई प्रवासी ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े।
इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा, खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य, जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव, उप विकास आयुक्त श्रेयाशी श्री, अपर समाहर्ता पुष्पेश कुमार सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रवासी भाई-बहन उपस्थित थे।
समागम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने प्रवासी भाइयों एवं अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आप देश के भीतर या विदेश में कहीं भी रहकर अपना उद्यम और रोजगार कर रहे हों, लेकिन आपके हृदय में अपनी जन्मभूमि और अपनी माटी के प्रति प्रेम आज भी जीवित है। आपकी उपस्थिति ने यह साबित कर दिया है कि खगड़िया से आपका भावनात्मक रिश्ता आज भी मजबूत है।
उन्होंने प्रवासी समागम की इस सराहनीय पहल के लिए जिला प्रशासन और विशेष रूप से जिलाधिकारी विक्रम विरकर को बधाई देते हुए कहा कि अधिकांश पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अपना चेहरा चमकाने का प्रयास करते हैं, लेकिन जिलाधिकारी खगड़िया जिले और जिलेवासियों का चेहरा चमकाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। आमजन का चेहरा तभी चमक सकता है, जब उनके जीवन में खुशहाली आए और उनकी तरक्की हो। विकास के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ संपन्न एवं सक्षम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
कृष्णा कुमारी यादव ने खगड़िया में औद्योगिक विकास के पुराने प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके ससुर रामशरण बाबू जब विधायक एवं सांसद थे, तब उन्होंने खगड़िया में उद्योग स्थापित कराने के उद्देश्य से मानसी के चक हुसैनी गौरा मौजा में 15 एकड़ जमीन अधिग्रहित करवाने की पहल की थी। बाद में उनके पति एवं पूर्व विधायक रणवीर यादव ने भी अपने विधायक कार्यकाल में कृषि आधारित उद्योग, चर्म उद्योग, दुग्ध उद्योग और मत्स्य उद्योग स्थापित कराने के लिए लगातार प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में पूर्व विधायक रणवीर यादव ने उनसे मिलकर उक्त जमीन पर एथेनॉल फैक्ट्री अथवा अन्य कृषि आधारित उद्योग स्थापित कराने का सुझाव दिया था। इसके बाद उद्योगपति संजय मारवाड़ को रणवीर यादव से मिलने के लिए भेजा गया और जिला प्रशासन के माध्यम से जमीन का आवंटन भी कराया गया। हालांकि, वहां फूड मेगा पार्क स्थापित करने की बात हुई, लेकिन वर्तमान में केवल वेयरहाउस बनाकर छोड़ दिया गया है।
जिला परिषद अध्यक्ष ने प्रवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि आप सभी अपने अनुभव, संपर्क, संसाधन और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा अपनी जन्मभूमि के विकास में लगाएं। अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन अपनी माटी और अपनी धरती के लिए भी थोड़ा जीने का प्रयास कीजिए। यदि आप सभी अपने संपर्कों और सहयोग से खगड़िया की तरक्की के लिए पहल करें, तो जिले में उद्योग, रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। खगड़िया बढ़ेगा और विकसित होगा, तभी हम सभी को अपने जिले पर गर्व होगा।
उन्होंने ‘जय खगड़िया! जय खगड़िया प्रवासी!’ के उद्घोष के साथ अपने संबोधन का समापन किया।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




