
खगड़िया शहर के विकास को मिली नई उड़ान : सांसद, विधायक व नगर सभापति ने किया 6.5 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक बस स्टैंड सहित कई विकास योजनाओं का शुभारंभ…
खगड़िया शहर के विकास को मिली नई उड़ान :
सांसद, विधायक व नगर सभापति ने किया 6.5 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक बस स्टैंड सहित कई विकास योजनाओं का शुभारंभ…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ शहर के विकास को नई दिशा देने की पहल के तहत नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र अंतर्गत बलुआही में करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक बस स्टैंड निर्माण कार्य का सोमवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा, सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, नगर सभापति अर्चना कुमारी, नगर उपसभापति शबनम जबीन एवं उपसभापति प्रतिनिधि मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना खगड़िया शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
जानकारी के अनुसार प्रस्तावित बस स्टैंड में आधुनिक प्रतीक्षालय, यात्री बैठने की समुचित व्यवस्था, पार्किंग, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
बताया गया कि बलुआही बस स्टैंड लंबे समय से अव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था। यात्रियों को बारिश, धूप, जाम एवं साफ-सफाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि खगड़िया शहर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में कई अन्य विकास योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा। वहीं विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि शहर के विकास के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना आवश्यक है और आधुनिक बस स्टैंड निर्माण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक बस स्टैंड लंबे समय से लोगों की मांग थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है।
कार्यक्रम के अगले चरण में नगर परिषद की मुख्य सड़क, जिसे पहले “मील रोड” के नाम से जाना जाता था, उसका नाम परिवर्तित कर “महाराजा अग्रसेन मार्ग” किए जाने के उपरांत विधिवत लोकार्पण एवं उद्घाटन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह नामकरण समाज की गौरवशाली परंपरा और इतिहास को सम्मान देने का प्रतीक है।

इसके बाद नगर परिषद कार्यालय परिसर में निर्मित नई चहारदीवारी का भी उद्घाटन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे कार्यालय की सुरक्षा, व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण में सुधार आएगा।
सभी कार्यक्रमों के उपरांत नगर परिषद कार्यालय में सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क निर्माण, नाला निर्माण, जल निकासी, सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं शहर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल, लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, युवा भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार, जदयू नेता नीतीश सिंह, आर्किटेक्ट शुभम् कुमार, सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा, कांग्रेस नेता नवीन कुमार, राजीव कुमार चौहान, सांसद निजी सचिव विकास कुमार, अमरजीत राठौड़, संदीप केडिया, गयाधर यादव, रामप्रीत कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विकास योजनाओं के शुभारंभ को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि योजनाओं के पूर्ण होने के बाद खगड़िया शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




