
बाढ़ प्रभावित सोसाइटी टोला में श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज का निःशुल्क मेडिकल कैंप… जलजमाव के बीच मरीजों की जांच कर वितरित की गईं चर्म रोग, बुखार समेत अन्य बीमारियों की मुफ्त दवाइयां
बाढ़ प्रभावित सोसाइटी टोला में श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज का निःशुल्क मेडिकल कैंप…
जलजमाव के बीच मरीजों की जांच कर वितरित की गईं चर्म रोग, बुखार समेत अन्य बीमारियों की मुफ्त दवाइयां
खगड़िया कौशी एक्सप्रेस/बाढ़ की चुनौती के बीच प्रभावित लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज सह शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, एनएच-31, परमानंदपुर, खगड़िया की ओर से बुधवार को सामाजिक दायित्व के तहत निःशुल्क बाढ़ राहत मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह मेडिकल कैंप खगड़िया प्रखंड अंतर्गत रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के सोसाइटी टोला में लगाया गया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लगाए गए इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच करते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। बाढ़ एवं जलजमाव के कारण होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए विशेष रूप से पानी से होने वाले चर्म रोग, बुखार तथा अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया।
शिविर में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल टीम ने लोगों को बाढ़ के दौरान साफ-सफाई, दूषित पानी से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर डॉ. स्वामी विवेकानंद के सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए मेडिकल टीम को क्षेत्र में भेजा गया। संस्थान की ओर से कहा गया कि “डॉ. विवेकानंद का सपना—स्वस्थ समाज, सुरक्षित भविष्य” के उद्देश्य के साथ आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है।
मुफ्त मेडिकल कैंप के सफल संचालन में डॉ. शाश्वत, डॉ. अमित कुमार एवं पैरामेडिकल स्टाफ गोपाल कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तक मेडिकल टीम एवं आवश्यक सामग्री पहुंचाने में बोट संचालक मोहम्मद असगर एवं जवाहर यादव ने भी सहयोग किया।
मेडिकल कैंप के माध्यम से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत के साथ स्वास्थ्य सेवा मिलने से स्थानीय लोगों ने संस्थान की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि बाढ़ जैसी विषम परिस्थिति में जब स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है, ऐसे समय में गांव के बीच निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाना जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





