
श्यामलाल चन्द्रशेखर मेडिकल कॉलेज में फिर गूंजेगी मेडिकल छात्रों की चहल-पहल… नए सत्र का नामांकन शुरू…100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला, करीब 200 मेडिकल विद्यार्थियों से बढ़ेगी खगड़िया की शैक्षणिक और आर्थिक रौनक…
श्यामलाल चन्द्रशेखर मेडिकल कॉलेज में फिर गूंजेगी मेडिकल छात्रों की चहल-पहल… नए सत्र का नामांकन शुरू…100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला, करीब 200 मेडिकल विद्यार्थियों से बढ़ेगी खगड़िया की शैक्षणिक और आर्थिक रौनक…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/श्यामलाल चन्द्रशेखर मेडिकल कॉलेज एवं शहीद प्रभुनारायण मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, परमानंदपुर, खगड़िया में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के नए सत्र में नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। लगातार दूसरे सत्र में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप एमबीबीएस पाठ्यक्रम में नामांकन शुरू होना जिले के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। संस्थान में एमबीबीएस की कुल 100 सीटों पर नामांकन होना है। निर्धारित प्रावधान के अनुसार 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे तथा 15 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया कोटे के तहत भरी जानी हैं। इसके अलावा स्वीकृत सीटों में निर्धारित एनआरआई कोटे के तहत भी नामांकन का प्रावधान है। वर्तमान सत्र में राज्य कोटे के लिए 85 सीटों तथा एनआरआई श्रेणी में एक अभ्यर्थी का नाम प्राप्त हुआ है।
करीब 200 मेडिकल विद्यार्थी बढ़ाएंगे शहर की रौनक
मेडिकल कॉलेज के प्रथम एवं द्वितीय सत्र को मिलाकर करीब 200 एमबीबीएस विद्यार्थियों के खगड़िया में रहने से शहर में नई रौनक आने की उम्मीद है। विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों के नियमित आवागमन से होटल, लॉज, किराना दुकान, भोजनालय, परिवहन, बाजार सहित अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावना है। इससे शहर की आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिल सकती है।
संस्थान के डॉ. विवेकानंद ने नामांकन के लिए पहुंचे छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का महादानी श्यामलाल जी, शहीद प्रभुनारायण जी एवं शहीद धन्ना माधव जी की पावन धरती पर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने जिलावासियों एवं नगरवासियों से अपील की कि विदेश तथा दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को अतिथि के रूप में सम्मान और सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि ये विद्यार्थी आने वाले वर्षों में खगड़िया में रहकर अपनी चिकित्सा शिक्षा पूरी करेंगे। ऐसे में शहरवासियों का व्यवहार, सहयोग और आतिथ्य उनके लिए खगड़िया की पहचान बनेगा। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
चिकित्सा शिक्षा के साथ रोजगार और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
संस्थान के मीडिया प्रभारी अमरीष कुमार ने कहा कि खगड़िया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिले के विकास में मील का पत्थर साबित हो रही है। मेडिकल कॉलेज केवल चिकित्सा शिक्षा का संस्थान नहीं है, बल्कि यह रोजगार, व्यापार, आवास, परिवहन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का भी महत्वपूर्ण आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस के लगातार दूसरे सत्र में नामांकन शुरू होना खगड़िया के लिए गौरव की बात है। करीब 200 मेडिकल विद्यार्थियों की मौजूदगी से शहर में शैक्षणिक वातावरण मजबूत होगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा विदेश से पढ़ाई करने वाले करीब 90 डॉक्टरों तथा लगभग 300 डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से यहां स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज के विस्तार के साथ खगड़िया की पहचान शिक्षा, चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




