खगड़िया: विधायक बबलू मंडल ने उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी के समक्ष उठाया खगड़िया के विकास का मुद्दा… तीन स्लूइस गेट और 39 किमी तटबंध सड़क निर्माण की मांग…

खगड़िया: विधायक बबलू मंडल ने उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी के समक्ष उठाया खगड़िया के विकास का मुद्दा…
तीन स्लूइस गेट और 39 किमी तटबंध सड़क निर्माण की मांग…

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ एवं जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन को लेकर विधायक बबलू कुमार मंडल ने जल संसाधन विभाग के समक्ष दो महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। विधायक ने बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी को अलग-अलग पत्र भेजकर कराची-बदलाघाट तटबंध क्षेत्र में जलनिकासी के लिए एंटी फ्लड स्लूइस गेट के निर्माण तथा बूढ़ी गंडक नदी के दोनों तटबंधों पर पक्की सड़क निर्माण की मांग की है।

7,500 एकड़ कृषि भूमि जलजमाव से प्रभावित

विधायक के अनुसार कराची-बदलाघाट तटबंध के किमी 29.00 से 35.00 के बीच लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। इससे करीब 7,500 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित होती है। लंबे समय तक खेतों में पानी जमा रहने से किसानों को खेती में परेशानी होती है और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। जलजमाव के स्थायी समाधान के लिए विधायक ने उक्त तटबंध खंड में तीन एंटी फ्लड स्लूइस गेट के निर्माण की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि इसके लिए डिजाइन एवं ड्राइंग से संबंधित तकनीकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है तथा करीब 6.41 करोड़ रुपये की लागत का कार्य प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। विधायक ने विभागीय मंत्री से योजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित होने से प्रत्येक वर्ष जलजमाव से प्रभावित होने वाली कृषि भूमि को राहत मिल सकती है।

बूढ़ी गंडक तटबंध पर 39 किलोमीटर पक्की सड़क की मांग

विधायक ने दूसरे पत्र में खगड़िया जिला अंतर्गत बूढ़ी गंडक नदी के बाएं और दाएं तटबंध पर पक्की सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया है। प्रस्ताव के अनुसार बाएं तटबंध पर करीब 19 किलोमीटर और दाएं तटबंध पर करीब 20 किलोमीटर, यानी कुल 39 किलोमीटर लंबाई में पक्की सड़क निर्माण की मांग की गई है। विधायक के अनुसार तटबंध पर पक्की सड़क बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा। बाढ़ और बरसात के दौरान भी लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को कम करने में मदद मिल सकती है।

दर्जनों गांवों को मिलेगा लाभ

प्रस्तावित सड़क निर्माण से आहोक, सादपुर, चक्की, विशनपुर, तेतरी, मघुवा, विशनपुर आहोक, गोविंदपुर, घर दियारा, जोगिया, चकनौरा सहित आसपास के अन्य गांवों को लाभ मिलने की बात कही गई है। सड़क बनने से ग्रामीणों के लिए बाजार, प्रखंड एवं जिला मुख्यालय, विद्यालय, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होने की संभावना है। किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिल सकती है।

प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति का आग्रह

विधायक बबलू कुमार मंडल ने जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी से दोनों योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का आग्रह किया है। एक ओर जहां स्लूइस गेट निर्माण से जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल की गई है, वहीं दूसरी ओर तटबंधों पर पक्की सड़क निर्माण को ग्रामीण संपर्क और आवागमन से जोड़कर देखा जा रहा है।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close