
खगड़िया के सर्वांगीण विकास के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी : राजेश वर्मा, सांसद …गोगरी-जमालपुर में 1.13 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण… नगर परिषद बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा…
खगड़िया के सर्वांगीण विकास के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी : राजेश वर्मा, सांसद …गोगरी-जमालपुर में 1.13 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण… नगर परिषद बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बुनियादी ढांचे की मजबूती और लोक-संस्कृति के संरक्षण के संकल्प के साथ सांसद राजेश वर्मा ने बुधवार को परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के गोगरी-जमालपुर नगर परिषद अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। सांसद ने परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य की उपस्थिति में गोगरी-जमालपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-02 में 43.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला का उद्घाटन किया। वहीं वार्ड संख्या-20 में 69.91 लाख रुपये की लागत से पूर्ण पोखर जीर्णोद्धार एवं छठ घाट निर्माण कार्य का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। दोनों योजनाओं की कुल लागत 1.13 करोड़ रुपये से अधिक है।
नगर परिषद बोर्ड की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन
उद्घाटन के बाद सांसद राजेश वर्मा नगर परिषद सभागार में आयोजित बोर्ड की बैठक में शामिल हुए। बैठक में विधायक बाबूलाल शौर्य, सभापति रंजीता कुमारी निषाद, उपसभापति राजेश कुमार पंडित सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे।
पार्षदों ने क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। इस पर सांसद ने कहा कि फंड के अभाव में रुकी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागीय मंत्रियों और बिहार के मुख्यमंत्री से मिलकर राशि आवंटित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बेहतर समन्वय से पूरे खगड़िया में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी।
विष्णुपुर में भव्य पुस्तकालय और जिले में 350 सड़कों का आश्वासन
माधवपुर पंचायत के विष्णुपुर में आमजनों के साथ जनसंवाद के दौरान सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने विष्णुपुर में भव्य पुस्तकालय निर्माण कराने की घोषणा की। सांसद ने कहा कि स्थानीय सड़कों के साथ-साथ पूरे जिले में लगभग 350 नई सड़कों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने परबत्ता क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए कल-कारखाने स्थापित करने की दिशा में सरकार की गंभीरता की भी बात कही।
ऐतिहासिक विषहरी-बिहुला मेला का किया उद्घाटन
दौरे के अंत में सांसद राजेश वर्मा ने जमालपुर में आयोजित ऐतिहासिक विषहरी-बिहुला मेला का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने मां बिहुला की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मेला समिति की ओर से सांसद का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि विषहरी-बिहुला मेला खगड़िया की समृद्ध लोक-संस्कृति, गहरी आस्था और परंपरा का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी समरसता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




