
खगड़िया पुलिस को मिली बड़ी सफलता : अवैध हथियार फैक्ट्री पर पुलिस का छापा…महिला समेत 6 गिरफ्तार
खगड़िया पुलिस को मिली बड़ी सफलता : अवैध हथियार फैक्ट्री पर पुलिस का छापा…महिला समेत 6 गिरफ्तार
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ जिले के चौथम थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण एवं तस्करी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। मामले में महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस एवं हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद करने का दावा किया है। आज आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौथम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुलैरिया गांव स्थित एक घर में अवैध हथियार निर्माण का कार्य किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मोहम्मद इब्राहिम, मोहम्मद सोहराब, मोहम्मद फैज, संजय लोहार उर्फ संजय शर्मासहित दो महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज रहे हैं। हालांकि आरोपों की पुष्टि न्यायालय में विचारण के बाद ही होगी। पुलिस के मुताबिक मौके से 21 अर्धनिर्मित बैरल, 21 अर्धनिर्मित बट-बॉडी, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन, एक जिंदा गोली, दो मिस फायर गोली तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण बरामद किए गए हैं। इस संबंध में चौथम थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच जारी है तथा अवैध हथियार कारोबार से जुड़े अन्य संभावित बिंदुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 मुकुल रंजन के नेतृत्व में चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार, एसआई संटू कुमार, एसआई सोनू कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक प्रधान भारती, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार, अनिल कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियार निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध हथियार कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है तथा मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




