“काम बोलेगा, सम्मान मिलेगा”: डीएम विक्रम विरकर की पहल से उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मियों को मिला “ऑफ द मंथ” सम्मान…  टीबी वेबसाइट, रेडी रेकनर, फ्लोटिंग क्लिनिक और आरटीपीएस में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मी सम्मानित

“काम बोलेगा, सम्मान मिलेगा”: डीएम विक्रम विरकर की पहल से उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मियों को मिला “ऑफ द मंथ” सम्मान…
टीबी वेबसाइट, रेडी रेकनर, फ्लोटिंग क्लिनिक और आरटीपीएस में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मी सम्मानित

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ जिला प्रशासन, खगड़िया में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और जनहितकारी प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर की विशेष पहल पर “अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत प्रत्येक माह अपने नियमित दायित्वों से आगे बढ़कर बेहतर सेवा वितरण, नवाचार एवं जनहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मियों को पहचान एवं प्रोत्साहन देना तथा प्रशासन के अन्य अधिकारियों और कर्मियों को भी नए प्रयोग एवं बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना है। इस माह विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी एवं कर्मी सम्मानित किए गए।

टीबी उन्मूलन में तकनीक का प्रयोग

स्वास्थ्य विभाग के डीएएम श्री रंजीत कुमार को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में किए गए विशेष नवाचार के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयास से टीबी से संबंधित वेबसाइट विकसित की गई है, जिसके माध्यम से आम नागरिक टीबी जांच के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं। साथ ही टीबी उन्मूलन के अभियान में सहयोग करने के इच्छुक लोग भी इसके माध्यम से अपना योगदान दे सकते हैं। तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने और जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना गया।

रेडी रेकनर से काम में आई तेजी

एटीओ श्री रवि रंजन को उपयोगी एवं प्रभावी रेडी रेकनर तैयार करने के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा तैयार रेडी रेकनर से संबंधित कार्यों में त्वरित संदर्भ, सुविधा और कार्य निष्पादन में एकरूपता लाने में मदद मिली है।

बाढ़ में जीवनरेखा बना फ्लोटिंग क्लिनिक

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए गए फ्लोटिंग क्लिनिक में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, एमवीआई श्री अभिषेक कुमार एवं वरीय उप समाहर्ता सुश्री कौशिकी कश्यप को सम्मानित किया गया। स्थानीय संसाधनों एवं कारीगरों के सहयोग से महज 15–20 हजार रुपये की लागत में तैयार किया गया यह फ्लोटिंग क्लिनिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके माध्यम से अब तक 1,300 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में जलमार्ग के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की यह पहल कम लागत में स्थानीय नवाचार और त्वरित समाधान का उल्लेखनीय उदाहरण है।

आरटीपीएस में जिले को राज्य में प्रथम स्थान दिलाने में तकनीकी योगदान

इसी क्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री मोहम्मद जियाउर रहमान के नेतृत्व में आईटी मैनेजर श्री बमबम कुमार को आरटीपीएस सेवाओं में जिले को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कराने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तकनीकी दक्षता, सतत अनुश्रवण एवं सेवा वितरण में सुधार के प्रयासों से जिले के आरटीपीएस प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

“एक अधिकारी का नवाचार पूरे प्रशासन के लिए बन सकता है प्रेरणा”

जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने कहा कि जिला प्रशासन में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी के समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य को पहचान मिलना आवश्यक है। “अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ” पहल के माध्यम से ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि किसी एक अधिकारी या कर्मी का नवाचार पूरे प्रशासन के लिए प्रेरणा बन सके। उन्होंने कहा कि जनहित में किए गए छोटे-से-छोटे प्रभावी प्रयास भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close