
खगड़िया की ‘एसडीओ रोड’ अब ‘अलखिया बाबा मार्ग’… जनभावनाओं को मिला सम्मान…विधायक बबलू कुमार मंडल व नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया लोकार्पण…अलखिया बाबा शिव मंदिर की पहचान को मिला आधिकारिक सम्मान
खगड़िया की ‘एसडीओ रोड’ अब ‘अलखिया बाबा मार्ग’… जनभावनाओं को मिला सम्मान…विधायक बबलू कुमार मंडल व नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया लोकार्पण…अलखिया बाबा शिव मंदिर की पहचान को मिला आधिकारिक सम्मान…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ नगर परिषद खगड़िया ने शहर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को सम्मान देते हुए एक ऐतिहासिक निर्णय को साकार किया। वर्षों से “एसडीओ रोड” के नाम से प्रसिद्ध सड़क का विधिवत नामकरण कर अब इसे “अलखिया बाबा मार्ग” नाम दिया गया। नामकरण समारोह का भव्य उद्घाटन सदर विधायक बबलू कुमार मंडल एवं नगर सभापति अर्चना कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नामपट्ट का अनावरण कर किया।

इस अवसर पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान उसकी संस्कृति, इतिहास और धार्मिक आस्था से होती है। स्थानीय आस्था के केंद्रों को सम्मान देना समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि अलखिया बाबा मार्ग का नामकरण खगड़िया की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देगा।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद केवल सड़क, नाला और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों को भी सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिस सड़क को पहले एसडीओ रोड कहा जाता था, वहां अब एसडीओ आवास नहीं है, जबकि इसी मार्ग पर स्थित अलखिया बाबा शिव मंदिर वर्षों से हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। इसलिए स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग का नाम “अलखिया बाबा मार्ग” रखा गया है।
नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि यह केवल सड़क का नाम बदलने का निर्णय नहीं, बल्कि खगड़िया की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सम्मान देने की ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि पहले इस मार्ग का नाम एसडीओ आवास के कारण एसडीओ रोड पड़ा था, लेकिन अब जब वहां एसडीओ आवास नहीं है और अलखिया बाबा शिव मंदिर इस क्षेत्र की वास्तविक पहचान बन चुका है, तब स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी भावना का सम्मान करते हुए इसका नाम “अलखिया बाबा मार्ग” रखा गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद आगे भी नगर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की पहचान को संरक्षित करने और उन्हें उचित सम्मान दिलाने का कार्य करती रहेगी।
समारोह में उपस्थित नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे नगर की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी तथा आने वाली पीढ़ियां भी अलखिया बाबा शिव मंदिर के इतिहास और महत्व से परिचित होंगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे खगड़िया नगर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और यादगार निर्णय बताया। नगरवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि “अलखिया बाबा मार्ग” आने वाले समय में केवल एक सड़क का नाम नहीं, बल्कि खगड़िया की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक बनेगा।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





