
गंगा कटाव के स्थायी समाधान को लेकर टीकारामपुर में जनआंदोलन तेज, हजारों लोगों ने किया उपवास व गंगा पूजन… ई. धर्मेंद्र बोले— कटाव पीड़ित जनता एकजुट हो जाए तो स्थायी समाधान से कोई ताकत नहीं रोक सकती
गंगा कटाव के स्थायी समाधान को लेकर टीकारामपुर में जनआंदोलन तेज, हजारों लोगों ने किया उपवास व गंगा पूजन…
ई. धर्मेंद्र बोले— कटाव पीड़ित जनता एकजुट हो जाए तो स्थायी समाधान से कोई ताकत नहीं रोक सकती…
खगड़िया/टीकारामपुर/ कौशी एक्सप्रेस/ रविवार को मुंगेर जिला अंतर्गत टीकारामपुर पंचायत के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में गंगा कटाव के स्थायी समाधान की मांग को लेकर चल रहे जनआंदोलन के दूसरे चरण में गंगा पूजन एवं एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता ई. धर्मेंद्र कुमार एवं युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने किया। अध्यक्षता समाजसेवी अनिल यादव तथा संचालन रामपुर पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागेंद्र सिंह त्यागी ने गंगा कटाव के खिलाफ वर्षों से संघर्ष करने वाले सभी आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि पूर्वजों द्वारा जलाए गए संघर्ष के मशाल को बुझने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय के कटाव पीड़ित लोग यदि एक मंच पर आकर अपनी आवाज बुलंद करें तो गंगा कटाव के स्थायी समाधान को कोई ताकत नहीं रोक सकती।
भाजपा नेता एवं समाजसेवी ई. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि आंदोलन ही हर बड़ी समस्या के समाधान का रास्ता है। उन्होंने दशरथ मांझी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब एक व्यक्ति पहाड़ काटकर रास्ता बना सकता है, तो हजारों लोग मिलकर 12 किलोमीटर के कटाव को रोकने के लिए सरकार को मजबूर क्यों नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि इसके लिए केवल मजबूत इच्छाशक्ति और सतत संघर्ष की आवश्यकता है।

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुकेश यादव ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि दियारा क्षेत्र के लोगों को वर्षों से केवल आश्वासन मिलता रहा है। इस बार जनता ने संकल्प लिया है कि जब तक गंगा कटाव का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन के पूर्व योद्धा अनिल यादव ने कहा कि वर्ष 2008 से ही बंडाल निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू हुआ था। लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2018 में सरकार द्वारा लगभग पांच किलोमीटर बंडाल का निर्माण कराया गया, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण वह टिक नहीं सका। उन्होंने विश्वास जताया कि एकजुट संघर्ष से सरकार को स्थायी समाधान के लिए बाध्य किया जा सकता है।
अवध बिहारी संस्कृत कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. उमेश प्रसाद सिंह एवं सुभाष चंद्र जोशी ने भी आंदोलनकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती और जनता की एकता सरकार को समाधान के लिए मजबूर कर सकती है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सबसे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं मुंगेर के नेता सम्राट चौधरी से मिलकर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता सांसदों एवं विधायकों के आवास और कार्यालयों पर शांतिपूर्ण धरना देकर अपनी मांग उठाएगी।
इससे पूर्व हजारों महिलाओं ने गंगा तट पर पहुंचकर फूल और अगरबत्ती के साथ मां गंगा का पूजन किया तथा कटाव से सुरक्षा की प्रार्थना की। महिलाओं ने कहा कि अब मां गंगा ही इस क्षेत्र को विनाश से बचा सकती हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राकेश मंडल, राजद जिलाध्यक्ष संजय सिंह, साहेब महतो, संजय पोद्दार, देवकीनंदन यादव, उमेश यादव, बबलू यादव, कैलाश यादव, मिंटू यादव, पीयूष यादव, योगेंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव, श्रवण कुमार यादव, आकाशदीप यादव, गजेंद्र हिमांशु, अजीत सरकार, ध्रुव कुमार यादव, रंजीत यादव, सत्तो यादव, पंकज यादव, प्रवीण कुमार, राजीव महतो समेत हजारों कटाव पीड़ित परिवार उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




