
खगड़िया: योजनाओं की हकीकत जानने गांव पहुंचे डीएम नवीन कुमार…कई व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी…
खगड़िया: योजनाओं की हकीकत जानने गांव पहुंचे डीएम नवीन कुमार…कई व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से बुधवार 13 मई को डीएम नवीन कुमार ने विभिन्न प्रखंडों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, सहयोग शिविर, नल-जल योजना एवं स्ट्रीट लाइट योजना सहित कई योजनाओं की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न टोलों में जाकर बच्चों एवं स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा योजनाओं के संचालन एवं लाभ की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के आलोक में बाल पंजी संधारण एवं शत-प्रतिशत नामांकन की स्थिति की समीक्षा की। विद्यालयों में छात्र उपस्थिति, पुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन योजना एवं शैक्षणिक गतिविधियों की भी जांच की गई।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, निरीक्षण पंजिका संधारण एवं नियमित संचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई। कई केंद्रों पर अभिभावकों एवं बच्चों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की गई।
वहीं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति पंजी एवं साफ-सफाई की स्थिति की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा एवं ICDS विभाग से संबंधित कई बिंदुओं पर प्रगति एवं व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्ययोजना के साथ अगले दिन सुबह 10 बजे उपस्थित होने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को योजनाओं की सतत निगरानी एवं नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचना चाहिए।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




