
मां कात्यायनी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी…विकास कार्यों का लिया जायजा…. 2027 तक सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल पूरा करने का निर्देश…
मां कात्यायनी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी…विकास कार्यों का लिया जायजा…. 2027 तक सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल पूरा करने का निर्देश…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ मंगलवार 5 मई 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड स्थित प्रसिद्ध मां कात्यायनी मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने साइट मैप के माध्यम से कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। मंदिर समिति द्वारा मुख्यमंत्री का प्रतीक चिन्ह एवं चुनरी भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने खगड़िया-सहरसा पथ (एसएच-95) के उन्नयन, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और इसे 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क खगड़िया और सहरसा जिले को जोड़ती है। इसके पूर्ण होने पर दोनों जिलों के बीच दूरी लगभग 90 किलोमीटर से घटकर 55 किलोमीटर रह जाएगी। करीब 28.08 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बागमती, कात्यायनी, मृत कोसी एवं कोसी नदियों के कारण कई क्षेत्रों में सीधा संपर्क नहीं है, जिससे लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। परियोजना पूरी होने पर इन समस्याओं का समाधान होगा और मां कात्यायनी मंदिर तक सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज (भागलपुर) और अगुवानी घाट (खगड़िया) के बीच गंगा नदी पर बन रहे उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ का हवाई और स्थलीय निरीक्षण किया। समीक्षा बैठक में उन्होंने इस परियोजना को वर्ष 2027 तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा और समय की बचत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में उत्पादित कृषि उपज के आयात-निर्यात में सुविधा बढ़ेगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने पहुंच पथ पर वृक्षारोपण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और बिहार को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन पर जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनकी कुशलक्षेम भी जानी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधायक पन्नालाल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, बेगूसराय क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार, खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




