
खगड़िया : बदहाल बिहार को खुशहाल बनाने वाले नीतीश कुमार के विकास मॉडल का दुनिया कर रही अनुकरण : मदन सहनी, मंत्री…जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित नीतीश संवाद में गूंजा सुशासन और विकास का संदेश…
खगड़िया : बदहाल बिहार को खुशहाल बनाने वाले नीतीश कुमार के विकास मॉडल का दुनिया कर रही अनुकरण : मदन सहनी, मंत्री…
जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित नीतीश संवाद में गूंजा सुशासन और विकास का संदेश…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ आज मंगलवार 24 नवंबर 2026 को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शहर के चित्रगुप्त नगर स्थित खेल भवन में जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से ‘सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सह खगड़िया जिला प्रभारी मंत्री मदन सहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सावन कुमार बंटी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री मदन सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को बदहाली से निकालकर खुशहाली और विकास की राह पर आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक काम किया है। उनके नेतृत्व में स्थापित सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय का मॉडल आज देश-दुनिया में अनुकरणीय बन रहा है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 बिहार के इतिहास का निर्णायक दिन है, जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभालकर राज्य के विकास की नई इबारत लिखनी शुरू की।


वर्ष 2005 से पहले की स्थिति की चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि उस समय सड़कों की हालत इतनी खराब थी कि यह पहचानना मुश्किल था कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय उच्च पथों से लेकर ग्रामीण सड़कों तक का व्यापक निर्माण एवं नवीनीकरण हुआ। आज बिहार के किसी भी जिले से राजधानी पटना पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। उन्होंने दरभंगा में केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा बिहार की सड़कों की गुणवत्ता की सराहना किए जाने का भी उल्लेख किया।
मंत्री ने कहा कि बिहार ने अपराध, अराजकता और पिछड़ेपन की पुरानी छवि से बाहर निकलकर विकास, सुशासन और सामाजिक सद्भाव की नई पहचान बनाई है। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। पोशाक योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों के साथ 12 लाख सरकारी नौकरियों और 40 लाख रोजगार के अवसरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन पहलों ने युवाओं के भविष्य को नई दिशा दी है।
महिला सशक्तीकरण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत तथा पंचायतों एवं नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने जैसे फैसलों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन, शराबबंदी, जल-जीवन-हरियाली, हर घर नल का जल और सात निश्चय जैसी योजनाओं ने सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव को गति दी है।
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कृषि रोड मैप के माध्यम से किसानों की आय और उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मक्का उत्पादन के क्षेत्र में बिहार को मिला पुरस्कार गौरव की बात है। उत्तर बिहार में मखाना उत्पादन और वैश्विक निर्यात की संभावनाएं भी राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दलित, महादलित, पिछड़े, अतिपिछड़े और गरीब सवर्ण सहित समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना नीतीश कुमार की समावेशी राजनीति की पहचान है।
आगामी परिसीमन का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि भविष्य में पंचायत, जिला परिषद, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत, विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की संरचना एवं संख्या में बदलाव की संभावना है। ऐसे में महिलाओं को अपनी राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए अभी से तैयारी करनी चाहिए, ताकि निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी और प्रभावी हो सके।
शराबबंदी पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इसे प्रभावी बनाए रखने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त कंपनियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सामाजिक सौहार्द और समावेशी विकास के लिए जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर काम करने की अपील की। कहा कि नीतीश कुमार और निशांत कुमार जाति नहीं, बल्कि जमात की राजनीति में विश्वास रखते हैं। उनकी प्राथमिकता बिहार और बिहारवासियों का हित है।
वहीं, जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में नीतीश कुमार के 21 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए नीतीश कुमार भाग्यविधाता साबित हुए हैं, वहीं युवाओं के सच्चे हिमायती के रूप में उन्होंने उनके भविष्य को संवारने का काम किया है।
कार्यक्रम में बेलदौर विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल, अलौली विधायक रामचंद्र सदा, कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी रूदल राय, महिला आयोग सदस्य साधना देवी सदा, प्रदेश नेता पप्पू सिंह निषाद, प्रदेश सचिव नीलम वर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष नूतन सिंह पटेल, राजेश कुमार सिंह, मो शहाबुद्दीन, राजकुमार फोगला, उमेश सिंह पटेल, पंकज कुमार पटेल, दीपक सिन्हा, अनिल जायसवाल, सुबोध यादव, निर्मला कुमारी, राजीव रंजन, संदीप केडिया, प्रमोद कुमार सिंह, जियाउल हक, फिरदोस आलम, जिला प्रवक्ता धर्मेंद्र महतो, संजय जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश पासवान शास्त्री, कैप्टन योगेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह, सुबोध कुमार पटेल, अरुण कुमार यादव, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शहाब उद्दीन, अतिपिछड़ा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह मुखिया, युवा जिलाध्यक्ष आदित्य पटेल, छात्र जिलाध्यक्ष गुलशन कुमार, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष चंदेश्वरी राम सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, जिला महासचिव, जिला सचिव एवं सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सुशासन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं से नीतीश कुमार के विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




