
खगड़िया के बेटे डॉ. संजीव कुमार की जीत से गदगद राजद… जिलाध्यक्ष मनोहर यादव बोले—बुद्धिजीवियों ने एनडीए को दिखाया आईना
खगड़िया के बेटे डॉ. संजीव कुमार की जीत से गदगद राजद… जिलाध्यक्ष मनोहर यादव बोले—बुद्धिजीवियों ने एनडीए को दिखाया आईना…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार की जीत पर खगड़िया राजद में उत्साह का माहौल है। राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने उनकी जीत को बड़ी राजनीतिक सफलता बताते हुए कहा कि खगड़िया के बेटे ने पटना में जीत का परचम लहराकर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवियों ने एनडीए को आईना दिखाने का काम किया है।
मनोहर कुमार यादव ने कहा कि डॉ. संजीव कुमार की जीत से खगड़िया राजद को नई मजबूती मिलेगी। यह परिणाम जिले की राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस जीत को मतदाताओं के फैसले की ताकत का प्रतीक बताते हुए डॉ. संजीव कुमार को बधाई दी।
मालूम हो कि डॉ. संजीव कुमार पूर्व मंत्री एवं पांच बार विधायक रहे डॉ. रामानंद प्रसाद सिंह (आरएन सिंह) के पुत्र हैं। वर्ष 2020 में वे जदयू के टिकट पर परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद प्रत्याशी के रूप में परबत्ता से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
विदित हो कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार डॉ. संजीव कुमार की जीत को बड़े राजनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा के नवल किशोर यादव इस सीट से लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके थे और लंबे समय से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की राजनीति का प्रमुख चेहरा माने जाते थे। डॉ. संजीव कुमार की जीत के साथ उनका लगातार जीत का सिलसिला टूट गया। खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत नयागांव-सतखुट्टी के मूल निवासी डॉ. संजीव कुमार की इस सफलता से स्थानीय राजद नेताओं को जिले में पार्टी के संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर राजद नेता संजीव कुमार यादव, सतीश कुमार यादव, आमिर खान उर्फ छोटू, कुमार रवि, जय कुमार, रणवीर कुमार सहित अन्य नेताओं ने डॉ. संजीव कुमार को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




