
खगड़िया के छह खिलाड़ियों का बिहार गतका टीम में चयन… विधायक बबलू मंडल ने किया सम्मानित, बढ़ाया हौसला
खगड़िया के छह खिलाड़ियों का बिहार गतका टीम में चयन… विधायक बबलू मंडल ने किया सम्मानित, बढ़ाया हौसला
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/जिले के खेल जगत के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि खगड़िया के छह प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन बिहार गतका टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी श्रीनगर में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित 10वीं नेशनल सीनियर गटका चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खगड़िया के खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
बिहार टीम में चयनित खिलाड़ियों में राज कुमार, हर्ष कुमार, मनीष कुमार, किशन कुमार, इंद्रराज कुमार और गुड़िया कुमारी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने निरंतर अभ्यास, मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। मालूम हो कि छहों खिलाड़ियों के बिहार टीम में चयन पर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने उन्हें सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खगड़िया के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उनकी प्रतिभा को उचित मंच, बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। खगड़िया के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और बिहार के लिए पदक जीतकर लौटें। साथ ही, उन्होंने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव प्रयास करने की बात कही। बिहार गतका टीम में चयन की खबर से खिलाड़ियों के परिजनों, प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। लोगों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
खगड़िया के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर बिहार का प्रतिनिधित्व करना जिले के लिए गर्व का विषय है। उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खगड़िया और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




