
खगड़िया: स्कूल हादसे के बाद विधायक बबलू मंडल सक्रिय, डीएम से विद्यालयों की तकनीकी जांच की मांग जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण, जमाबंदी सुधार शिविर, क्षतिग्रस्त सड़कों और BUIDCO नाला निर्माण की निगरानी का भी उठाया मुद्दा
खगड़िया: स्कूल हादसे के बाद विधायक बबलू मंडल सक्रिय…
डीएम से विद्यालयों की तकनीकी जांच की मांग…
जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण, जमाबंदी सुधार शिविर, क्षतिग्रस्त सड़कों और BUIDCO नाला निर्माण की निगरानी का भी उठाया मुद्दा
खगड़िया) कौशी एक्सप्रेस/मानसी प्रखंड के जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय में सीढ़ी टूटने से छात्रा की मौत की घटना के बाद खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बबलू कुमार मंडल ने बीते शनिवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे उठाए। विधायक ने विद्यालयों की सुरक्षा, जमीन संबंधी मामलों, बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों तथा शहर में चल रहे बुडको के नाला निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी।
विधायक ने विद्यालय भवनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी सरकारी विद्यालय भवनों की व्यापक तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के लिए भवन निर्माण से जुड़े विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागों के तकनीकी अधिकारियों की टीम गठित की जाए। टीम द्वारा छत, सीढ़ी, दीवार, फर्श, बरामदा समेत भवन के सभी संरचनात्मक हिस्सों का स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच में जो भवन असुरक्षित या गंभीर रूप से जर्जर पाए जाएं, उन्हें केवल मरम्मत के भरोसे नहीं छोड़ा जाए। आवश्यकतानुसार ऐसे भवनों को हटाकर नए भवनों का निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पंचायत स्तर पर जमाबंदी सुधार शिविर लगाने की मांग
विधायक ने राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े मामलों को लेकर पंचायत स्तर पर विशेष जमाबंदी सुधार शिविर लगाने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि पूर्वजों की जमीन, बंटवारे, जमाबंदी और राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने से संबंधित समस्याओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से विवाद बने रहते हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएं तथा नियमानुसार दस्तावेजों की जांच कर रिकॉर्ड दुरुस्त करने की दिशा में कार्रवाई की जाए। इससे लोगों को बार-बार राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ भूमि विवादों के समाधान में भी मदद मिल सकती है।
बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी की मांग
विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी से प्रभावित सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कराकर मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बहाल होने से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और ग्रामीण क्षेत्र के आम लोगों को राहत मिलेगी।
बुडको के नाला निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी पर जोर
शहर में बुडको द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण को लेकर विधायक ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य जलजमाव की समस्या का प्रभावी समाधान होना चाहिए। निर्माण के दौरान जल निकासी की क्षमता, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।
उन्होंने जिलाधिकारी से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कराने तथा संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर स्थल निरीक्षण करने का निर्देश देने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि जनहित और सार्वजनिक धन से जुड़ी परियोजना टिकाऊ और उपयोगी होनी चाहिए।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा, भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क की बहाली और शहर की जलजमाव समस्या का समाधान जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से इन मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





