
खगड़िया: दिशा की बैठक में विकास कार्यों पर सख्त हुए विधायक बबलू मंडल… आरओबी, सड़क, ड्रेनेज, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलनिकासी और रोजगार को लेकर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश…बोले— जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
खगड़िया: दिशा की बैठक में विकास कार्यों पर सख्त हुए विधायक बबलू मंडल… आरओबी, सड़क, ड्रेनेज, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलनिकासी और रोजगार को लेकर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश…बोले— जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ आज शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में खगड़िया सदर के विधायक बबलू कुमार मंडल विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। बैठक में उन्होंने सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलनिकासी, शहरी विकास, खनन, बिजली एवं रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उनका प्रभाव सीधे आम जनता तक पहुंचे और वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो।
बैठक में विधायक ने शहर के पूर्वी केबिन स्थित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) की लंबाई बढ़ाकर बालुवाही पेट्रोल पंप तक ले जाने की मांग उठाई। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में शहर की यातायात समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके अलावा राजेंद्र चौक से जयप्रकाश नगर होते हुए बालुवाही तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया।
रोजगार और शहरी विकास के मुद्दे पर विधायक ने गोशाला परिसर के जीर्णोद्धार के साथ उसके चारों ओर व्यवस्थित मार्केट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे शहर का सौंदर्यीकरण होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बछौता चौक से भदास, दाढ़ी आस और त्रिभुवन टोला तक सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सड़क पर जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने चौधरी टोला के समीप निर्माणाधीन पुल एवं शवदाह गृह के आसपास अवैध बालू खनन पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि निजी जमीन पर व्यक्तिगत कार्यों के लिए मिट्टी काटने वाले किसानों और आम लोगों के विरुद्ध अनावश्यक कार्रवाई नहीं की जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में विधायक ने सदर अस्पताल में आईसीयू का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, बरसात के मौसम को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध रखने तथा सर्पदंश पीड़ितों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सदर अस्पताल रोड पर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए।
शिक्षा के क्षेत्र में विधायक ने उच्च माध्यमिक विद्यालय माड़र का मामला उठाते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में पांच विद्यालयों का संचालन हो रहा है, जबकि समीप स्थित तालाब बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने भवन निर्माण के साथ-साथ तालाब की ओर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
बैठक में गोशाला के पास ओम हॉस्पिटल से होमगार्ड कार्यालय होते हुए मालती धार तक आरसीसी नाला निर्माण तथा भावना ज्वेलर्स के समीप आरओबी के पहुंच पथ को चौड़ा करने के लिए वन विभाग को आवश्यक पेड़ों की छंटाई कराने का भी निर्देश दिया गया।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विधायक ने बेलौर के खोनमा धार के पास झुके हुए बिजली के खंभों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
मानसी क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक ने पश्चिमी केबिन पर आरओबी निर्माण कर एनएच-31 को एसएच-95 से जोड़ने की योजना में तेजी लाने, मंजरा धार को अतिक्रमण मुक्त कर आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने, वेंडिंग जोन बनाने तथा बलहा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा पूर्वी ठाठा पंचायत से शहरकुंडी होते हुए बेलदौर विधानसभा के पिपरा तक नई सड़क निर्माण एवं जलजमाव से मुक्ति दिलाने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
बैठक के अंत में विधायक बबलू कुमार मंडल ने ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को पूरे खगड़िया सदर विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर जलजमाव वाले सभी स्थानों की पहचान कर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर विकास कार्यों को पूरा करें।
विधायक ने कहा कि विकास केवल योजनाओं की घोषणा से नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन से दिखाई देता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि खगड़िया सदर विधानसभा के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जनसेवाएं उपलब्ध हो सकें।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




